श्री शिवमहापुराण कथा समापन पर भव्य महाप्रसाद, 1500 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
माला मिश्रा जोगबनी विराटनगर ( सीमा क्षेत्र ) । श्री बजरंग भजन मंडल के 32 वाँ वार्षिकोत्सव पर आयोजित 11 दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा के सफल समापन के अवसर पर अतिथि सदन (राधा मंडप) में भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों एवं समुदायों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक एवं सामाजिक समरसता का परिचय दिया।
महाप्रसाद में मधेशी, पहाड़ी , मारवाड़ी सहित विभिन्न समाजों के श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग से लगभग 1500 लोगों के लिए महाप्रसाद की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। केटरर के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं को विधिवत एवं व्यवस्थित रूप से प्रसाद परोसा गया।
महाप्रसाद में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिसका श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा कथा के समापन के साथ भगवान शिव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
आयोजन समिति ने महाप्रसाद को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिथि के रूप में मौजूद कोशी प्रदेश सरकार के पर्यटन ,वन तथा पर्यावरण मंत्री भीम पराजुली ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता एवं सांस्कृतिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। इस मौके पर बाल ब्यास अमन शास्त्री महाराज , आयोजक संस्था के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल , ओम प्रकाश अग्रवाल , महेंद्र अग्रवाल , देवकीनंदन अग्रवाल , पृथ्वी कुमार अग्रवाल , नरेंद्र गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।



