Fri. Oct 2nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारत सरकार द्वारा नेपाल के 33 जिलों में 40 एम्बुलेंस उपहारस्वरूप प्रदान

 

काठमाडौं, 14 जून 2025 । भारत सरकार ने नेपाल के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नेपाल के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं को 40 एम्बुलेंस उपहारस्वरूप प्रदान किए हैं। ये एम्बुलेंस नेपाल के 33 जिलों में फैले संस्थानों को प्रदान किए गए हैं, जो देश के सातों प्रदेशों को समेटते हैं।

एम्बुलेंस हस्तान्तरण कार्यक्रम एक साथ चार स्थानों — भारतीय राजदूतावास काठमाडौं, भारतीय महावाणिज्य दूतावास वीरगंज, तथा पोखरा और धरान स्थित भारतीय दूतावास के पेंशन भुगतान कार्यालयों — में आयोजित किया गया। इनमें से 22 एम्बुलेंस राजधानी काठमांडू में, 7 वीरगंज में, 7 पोखरा में और 4 धरान में भारत सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थी संस्थाओं को हस्तान्तरण किए गए।

यह भी पढें   फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073: भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी से टली बड़ी त्रासदी

काठमांडू में आयोजित कार्यक्रम में भारत के उप-राजदूत श्री प्रसन्न श्रीवास्तव ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्थानीय निकाय प्रमुखों, राजनीतिक प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में एम्बुलेंस की चाबियां सौंपीं।

इस अवसर पर श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल नेपाल–भारत विकास साझेदारी के तहत भारत सरकार की एक दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नेपाल के स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल के बीच यह बहुआयामी विकास साझेदारी बीते सात दशकों में और भी विस्तृत, गहन और विविधतापूर्ण होती गई है।

लाभार्थी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भारत सरकार के इस सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बेहतर होगी। इसी प्रकार की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं वीरगंज, पोखरा और धरान में आयोजित कार्यक्रमों में भी देखने को मिलीं।

यह भी पढें   गांँधी-शास्त्री जयंती पर बच्चों को मिली शिक्षा की सौगात।

भारत सरकार पिछले तीन दशकों से नेपाल के विभिन्न भागों में स्थित स्वास्थ्य संस्थानों को एम्बुलेंस उपहारस्वरूप देती आ रही है। वर्ष 1994 से लेकर अब तक कुल 1049 एम्बुलेंस नेपाल को उपहार में दिए जा चुके हैं, जिनमें आज प्रदान की गई 40 एम्बुलेंस भी शामिल हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र के अतिरिक्त, भारत सरकार ने नेपाल के शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्र को भी महत्वपूर्ण साजो-सामान उपलब्ध कराए हैं। अब तक नेपाल के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों को 300 स्कूल बसें उपहारस्वरूप दी जा चुकी हैं। वर्ष 2022 में चुनाव संचालन के लिए नेपाल के कानून प्रवर्तन निकायों और निर्वाचन आयोग को 200 वाहन प्रदान किए गए थे। हाल ही में, मई 2025 में, सगरमाथा संवाद के पहले संस्करण के आयोजन को सहयोग करने के उद्देश्य से भारत ने नेपाल के परराष्ट्र मन्त्रालय को 15 विद्युत् वाहन (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स) भी उपहार में दिए थे।

यह भी पढें   प्रतिनिधि सभा की बैठक में एमाले के सांसद लक्ष्मीप्रसाद पोखरेल का प्रश्न –यह सरकार कैसी है

भारत और नेपाल के बीच यह सहयोगी रिश्ता दोनों देशों के लोगों के बीच के गहरे संबंधों को प्रतिबिंबित करता है। भारत सरकार द्वारा बार-बार किए जा रहे ऐसे सहयोग नेपाली जनता के साथ उसके निरंतर जुड़ाव और मित्रता की भावना का स्पष्ट प्रमाण हैं।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com