Thu. May 21st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

योजना की चिठ्ठी मिलने से पहले ही बिक गई योजना : सांसद हसीना खातून

 
सांसद हसीना खातून

जनकपुरधाम, २३ असार । मधेश प्रदेशसभा की सांसद हसीना खातून ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें संसद विकास कोष अन्तर्गत स्वीकृत योजना की चिठ्ठी मिलने से पहले ही योजना बेच दी गई थी।
रविवार को जनकपुरधाम में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सांसद खातून ने कहा, “मुख्यमंत्री कार्यालय से मुझे सिर्फ दो दिन पहले योजना की चिठ्ठी मिली। जब मैं वह चिठ्ठी लेकर योजना स्थल पर पहुँची, तो देखा कि योजना का काम पहले ही पूरा हो चुका है। मैं आश्चर्यचकित रह गई।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सर्लाही स्थित पूर्वाधार विकास कार्यालय के प्रमुख विजय कुमार यादव ने बिना जानकारी दिए योजना को चुपचाप बिक्री कर दिया।
सांसद खातून के अनुसार, सर्लाही जिला के गोडैता नगरपालिका–१० स्थित सिसोटिया झगरु चौक से सुंदरपुर जाने वाले सड़क के स्तरोन्नति के लिए ३५ लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। यह योजना उपभोक्ता समिति के माध्यम से संचालन होने वाली थी। जब वह समिति गठन के लिए कार्यालय पहुँचीं, तब उन्हें बताया गया कि योजना पहले ही पूरी हो चुकी है।
“जब मैंने कार्यालय प्रमुख यादव से योजना की बिक्री के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि मिलकर बात करेंगे, लेकिन फिर संपर्क में ही नहीं आए,” खातून ने कहा।
“सांसद विकास कोष अन्तर्गत की योजना को बिना सांसद की जानकारी और सहमति के कैसे बेचा जा सकता है?” उन्होंने प्रश्न उठाया।
सांसद खातून ने बताया कि उन्होंने इस विषय में प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह को भी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि सांसद की सहमति के बिना कोई योजना संचालन नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद योजना की बिक्री होना आपत्तिजनक है, उन्होंने कहा।
खातून ने अपनी पार्टी जनमत पार्टी के संसदीय दल के नेता महेश यादव को भी योजना की बिक्री के विषय में जानकारी दी थी। नेता यादव ने स्थानीय जनता को सच्चाई से अवगत कराने और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की सलाह दी है।
सांसद खातून के अनुसार, उनके सिफारिश में रही पाँच योजनाओं में से तीन सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। चौथी योजना की चिठ्ठी मिलने पर पता चला कि वह पहले ही बिक चुकी है। पाँचवीं योजना ३० लाख की थी, जो लालबन्दी नगरपालिका–१ क्षेत्र में थी। उस योजना की चिठ्ठी भी उन्हें अब तक नहीं मिली, लेकिन काम पहले ही समाप्त हो चुका है, उन्होंने आरोप लगाया।
हसीना खातून, जनमत पार्टी की प्रदेशसभा सदस्य हैं, जो सर्लाही क्षेत्र नं. १ से निर्वाचित हुई हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रदेशसभा सदस्य सरोज सिंह कुशवाहा पर योजना बिक्री का आरोप लग चुका है। अख्तियार दुरुपयोग अनुसन्धान आयोग में शिकायत के बाद वे निलम्बित हो चुके हैं।

यह भी पढें   वैशाख महीने में ७४ हजार से अधिक नेपाली नागरिक वैदेशिक रोजगार के लिए विदेश पलायन
सांसद हसीना खातून

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *