मैं टुंडिखेल में फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हूँ… मैंने कोई गलती नहीं की – मंत्री राजकुमार गुप्ता
काठमांडू, असार ३० – संघीय मामिला तथा सामान्य प्रशासन मंत्री राजकुमार गुप्ता ने अपने ऊपर लगे रिश्वतखोरी के आरोप का खण्डन करते हुए कहा कि – मैंने कोई गलती नहीं की है । मैं टुंडिखेल में फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हूँ । साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि –मैं घोषणा करता हूँ कि उक्त आरोप यदि प्रमाणित हो जाता है तो मैं अपनी नागरिकता त्याग दूँगा ।
एक टेलीविजन अन्तर्वार्ता में आक्रामक रूप में प्रस्तुत होते हुए मंत्री गुप्ता ने कहा कि उनके विरुद्ध सार्वजनिक किया गया ऑडियो उनका नहीं है और ये उनकी राजनीतिक छवि की हत्या के लिए षड्यन्त्र किया गया है ।
मंत्री गुप्ता ने कहा — “मुझे तथ्य और प्रमाण दीजिए, मैं अभी इस्तीफा दे दूंगा। यदि यह प्रमाणित हो गया कि वह ऑडियो मेरा ही है तो मैं न सिर्फ राजनीति छोड़ूंगा, बल्कि अपनी नागरिकता भी त्यागकर नेपाल छोड़ दूंगा।”
उन्होंने यह संकेत भी दिया कि उनके खिलाफ जो ऑडियो है, वह तकनीक का दुरुपयोग कर बनवाया गया हो सकता है। उन्होंने यह दावा किया कि उन्होंने कभी किसी से एक कप चाय तक नहीं ली है। गुप्ता ने कहा — “मैं टुंडिखेल में फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हूं, लेकिन मैंने कोई गलती नहीं की।”
मंत्री गुप्ता पर दो प्रमुख आरोप लगे हैं । पहला–मालपोत कार्यालय, कास्की के तत्कालीन प्रमुख रामचन्द्र अधिकारी के तबादले को रोकने के लिए ५३ लाख रुपये रिश्वत लेने का और दूसरा, एमाले के गण्डकी प्रदेश सदस्य खेमबहादुर पुन को भूमि आयोग कास्की का अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए २५ लाख रुपये रिश्वत लेने का ऑडियो सार्वजनिक हुआ है ।
आरोपों से जुड़ी शिकायत १० असार (नेपाल का महीना) को ही अख्तियार कार्यालय में दर्ज हो चुकी है, जिसमें रिश्वत के पैसे से भरे दो बैग और नोटों के बंडलों की तस्वीरें भी शामिल हैं। सार्वजनिक ऑडियो में एक महिला और एक बिचौलिए के साथ मंत्री गुप्ता को आर्थिक लेन–देन की बात करते हुए सुना जा सकता है । सार्वजनिक ऑडियो में मंत्री गुप्ता भूमि व्यवस्था, सहकारी और गरीबी निवारण मंत्री बलराम अधिकारी का नाम भी घसीटते सुनाई देते हैं।
स्रोत अनुसार इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी कहा है कि इस बारे में आवश्यक कदम उठाने की तैयारी चल रही है ।
लेकिन मंत्री गुप्ता ने अपने ऊपर लगे सभी आरोप अस्वीकार किया है । उनका कहना है कि ये सब सरकार को बदनाम करने के लिए सुनियोजित प्रपंच किया जा रहा है । उन्होंने यह भी कहा कि वो अख्तियार जाँच में पूरा सहयोग करेंगे ।


