हमास के नेता जहां भी होंगे, उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा – नेतन्याहू
काठमांडू, भाद्र ३१ – इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट कह दिया है कि हमास के नेता जहां भी होंगे, उन पर हमले से किए जाएंगे । उन्हें नहीं छोड़ा जाएगा । नेतन्याहू ने यह बात तब कही जब पिछले सप्ताह दोहा में हुए इजरायल के हवाई हमले के विरोध में मुस्लिम देशों के नेताओं की बैठक हो रही थी ।
इजरायली प्रधानमंत्री के इस कथन पर ज्यादा ध्यान इसलिए भी दिया जा रहा है क्योंकि उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में यह बात कही है । रूबियो दो दिवसीय इजरायल दौरे पर आए थे । प्रेस कान्फ्रेंस में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कतर से अपील की कि वह गाजा युद्ध को रोकने के लिए अपना सकारात्मक योगदान जारी रखे।
ंरूबियो ने भी हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई का समर्थन किया और कतर व गाजा पर हमलों को लेकर कोई भी बात इजरायल के खिलाफ नहीं कही। उधर, वाशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह गाजा में जल्द युद्धविराम और बंधकों की रिहाई चाहते हैं लेकिन उन्होंने हमास को खत्म करने और गाजा पर कब्जे की इजरायली योजना को लेकर विरोध का एक शब्द नहीं बोला।
गाजा को लेकर जिस समय यरुशलम और दोहा में चर्चाएं चल रही थीं, उस समय भी गाजा सिटी में इजरायली सेना की कार्रवाई जारी थी। शहर के दो घरों और विस्थापितों के एक टेंट पर इजरायली हमलों में १६ लोग मारे गए हैं। शहर के पश्चिम में स्थित १६ मंजिल की इमारत को भी इजरायली सेना ने हवाई हमले में नष्ट कर दिया।
यह गाजा पट्टी की सबसे ऊंची इमारत थी। इजरायली सेना को शक था कि इस इमारत से उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी और वहां बैठे हमास के निशानेबाज सैनिकों को निशाना बना रहे थे।

