कर्मचारी नियुक्ति को लेकर प्रधानमंत्री सचिवालय ने दिया स्पष्टीकरण
काठमांडू, मंसिर ८ – प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के सचिवालय ने कर्मचारी नियुक्ति विवाद बढ़ जाने के बाद स्पष्टीकरण दिया है । प्रधानमंत्री कार्की के प्रेस संयोजक राम रावल ने सोमवार प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कार्की के प्रमुख स्वकीय सचिव आदर्श श्रेष्ठ ’विश्वसनीय, भरोसेमंद और रातदिन काम करने वाले व्यक्ति’ हैं ।
प्रेस संयोजक रावल का यह भी दावा है कि प्रधानमंत्री कार्की, जिनकी सरकार जेन–जी आंदोलन के बल पर स्थापित हुई है, मितव्ययिता, पारदर्शिता और जवाबदेही के मामले में जिम्मेदार और संवेदनशील रही हैं, और उसी के अनुरूप आचरण करती रही हैं ।
रावल का कहना है कि प्रधानमंत्री कार्की ने अपने भरोसमंद व्यक्ति श्रेष्ठ को प्रमुख स्वकीय सचिव में नियुक्त किया है । उन्होंने विज्ञप्ति में लिखा है ’प्रधानमंत्री जी ने ऐसे व्यक्ति को प्रमुख स्वकीय सचिव नियुक्त किया है जिसपर वो भरोसा कर सकती हैं । सम्माननीय प्रधानमंत्री जी के परिवार में उनके साथ उनके श्रीमान ही रहते हैं और उनकी वृद्धावस्था के कारण पारिवारिक रूप में सहयोग करने वाले विश्वसनीय व्यक्ति को चुनकर प्रधानमंत्री ने नियुक्त किया है ।’

