सेफ संतोष शाह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘द टेस्ट ऑफ साल्ट’ बर्लिनाले के को–प्रोडक्शन मार्केट में चयनित
काठमांडू, १६ जनवरी । प्रसिद्ध शेफ संतोष शाह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘द टेस्ट ऑफ साल्ट’ को प्रतिष्ठित बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बर्लिनाले) के को–प्रोडक्शन मार्केट में चयनित किया गया है । करीब ४०० आवेदनों में से चुनी गई १९ उत्कृष्ट फिल्मों की सूची में यह फिल्म ‘ऑफिशियल फीचर प्रोजेक्ट’ के रूप में शामिल हुई है ।
आगामी फरवरी में होने वाले बर्लिनाले के ७६वें संस्करण के दौरान, विभिन्न देशों से आए ६०० से अधिक प्रोजेक्ट्स, अंतरराष्ट्रीय निर्माता, वितरक, सेल्स एजेंट और निवेशकों के बीच इस फिल्म को निर्देशक दीपक रौनियार प्रस्तुत करेंगे ।
निर्देशक रौनियार के अनुसार, निर्माणाधीन इस फिल्म में संतोष शाह के संघर्ष और सफलता की कहानी को दर्शाया जाएगा । संतोष ने नेपाल में जन्म लेकर भारत के रास्ते ब्रिटेन तक का सफर तय किया और न सिर्फ अपना नाम व करियर बनाया, बल्कि नेपाली भोजन और पहचान को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई । उनकी कहानी आज बेहद प्रासंगिक है ।
रौनियार ने बताया कि ‘द टेस्ट ऑफ साल्ट’ एक साधारण व्यक्ति के संघर्ष से मिली असाधारण सफलता की कहानी है । यह नेपाल और ब्रिटेन के सहयोग से बनने वाली फिल्म होगी, जिसमें आप्रवासन, जातीय भेदभाव और निर्वासन जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा ।
वहीं, शेफ संतोष शाह का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी व्यक्तिगत यात्रा इस तरह की अंतरराष्ट्रीय ऊंचाई तक पहुंचेगी । उन्होंने बताया कि यह फिल्म केवल उनके जीवन की कहानी नहीं, बल्कि पाककला और उससे जुड़े संघर्षों को भी दर्शाएगी ।
गौरतलब है कि बर्लिनाले का को–प्रोडक्शन मार्केट फिल्म निवेश और बिक्री के लिए दुनिया के प्रमुख मंचों में से एक माना जाता है । निर्देशक दीपक रौनियार इससे पहले ‘हाइवे’, ‘सेतो सूर्य’ और ‘पूजा, सर’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं ।

