Wed. Jun 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पांच वर्षों में भ्रष्टाचारमुक्त नेपाल बनाएंगे : कांग्रेस अध्यक्ष थापा

 
गगन थापा, फाईल तस्वीर

काठमांडू, १९ फरवरी । नेपाली कांग्रेस के सभापति गगन कुमार थापा ने कहा है कि पार्टी का लक्ष्य आगामी पांच वर्षों के भीतर नेपाल को भ्रष्टाचारमुक्त देश बनाना है । काठमांडू स्थित राष्ट्रीय सभागृह में आयोजित ‘हमारी प्रतिज्ञा, आपके प्रश्न’ शीर्षक से कांग्रेस के घोषणा–पत्र के विस्तृत सार्वजनिकरण एवं सवाल–जवाब कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कहा है ।
सभापति थापा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कांग्रेस किसी का भी पक्ष नहीं लेगी । “कांग्रेस भ्रष्टाचार के मामले में न रिश्तेदारी देखती है, न नेता । चाहे वह सभापति ही क्यों न हो या किसी भी पद पर आसीन व्यक्ति–यदि भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया गया, तो उसे सार्वजनिक पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है,” उन्होंने कहा ।
सभापति यादव ने २०४७ साल के बाद से किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच किए जाने की बात भी कही । थापा ने प्रशासनिक व्यवस्था को कार्यालय–केंद्रित नहीं, बल्कि नागरिक–केंद्रित बनाने पर जोर दिया । उनके अनुसार, किसी भी सेवा के लिए निर्धारित समयसीमा तय होनी चाहिए और उसी समय के भीतर सेवा उपलब्ध कराई जानी चाहिए ।
सभापति थापा ने कहा कि यदि तय समय के भीतर नागरिकों को सेवा नहीं मिलती है, तो क्षतिपूर्ति की व्यवस्था भी होनी चाहिए । “अगर कहा जाता है कि कोई सेवा एक दिन में मिलेगी, तो उसे उसी दिन मिलनी चाहिए । यदि एक घंटे में सेवा देने का वादा है, तो नागरिक को एक घंटे में ही सेवा मिलनी चाहिए,” उन्होंने कहा ।
उन्होंने इसके लिए आधुनिक प्रविधि के अधिकतम उपयोग, मौजूदा कानूनों में आवश्यक संशोधन, भौतिक पूर्वाधार के विकास तथा नागरिकों को घर बैठे सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी जोर दिया ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *