Mon. Aug 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

‘हिमालिनी ज्ञानकुंज’ आलेख प्रतियोगिता में सहभागी विद्यार्थियों का सम्मान

 

काठमांडू, २० फरवरी । हिमालिनी मासिक पत्रिका द्वारा संचालित ‘हिमालिनी ज्ञानकुंज’ प्रतियोगिता अंतर्गत आयोजित ‘आलेख प्रतियोगिता’ के परिणाम सार्वजनिक कर दिए गए हैं । इस प्रतियोगिता में काठमांडू के तीन विद्यालयों के १७ विद्यार्थियों ने सहभागिता की । प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को आज काठमांडू में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया ।
काठमांडू स्थित भारतीय राजदूतावास काठमांडू द्वारा आयोजित ‘हिन्दी साहित्य उत्सव’ कार्यक्रम में दूतावास के प्रथम सचिव वशिष्ठ नन्दन के हाथों सहभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रशस्ति–पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
प्रतियोगिता में केन्द्रीय विद्यालय काठमांडू से श्रीआना रायमाझी, सौभाग्य शर्मा, श्रयन सेन, सहज गोयल, रोहन मित्तल, प्रिन्सी कुमारी साह और तन्वी दास ने भाग लिया । इसी प्रकार रुपीज इंटरनेशनल स्कूल से अनन्या डालमिया, वृद्धि साराफ, अवनी जलान और प्रियांशी काबरा ने सहभागिता की । वहीं डी.ए.वी सुशील केडिया विश्वभारती स्कूल से साक्षी गुप्ता, शुभ कुमार धानुका, चंचल मोहता, एंजल भारद्वाज, खुशी गोयल और सदफ खुर्शीद प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए ।
प्रतियोगिता में सहभागी विद्यार्थियों में से रुपीज इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा ९ की छात्रा वृद्धि साराफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डी.ए.वी स्कूल की कक्षा १० की छात्रा सदफ खुर्शीद द्वितीय स्थान पर रहीं । तृतीय स्थान पर समान अंक प्राप्त कर दो प्रतिभागियों ने संयुक्त रूप से स्थान हासिल किया, जिनमें केन्द्रीय विद्यालय की कक्षा ९ के छात्र सहज गोयल तथा डी.ए.वी स्कूल की कक्षा ९ के छात्र चंचल मेहता शामिल हैं । कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति–पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति–पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव वशिष्ठ नन्दन ने प्रतियोगिता में सहभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में और अधिक सृजनशील एवं प्रेरित होकर आगे बढ़ने की शुभकामनाएँ दीं । उन्होंने हिन्दी भाषा के संवर्धन के लिए हिमालिनी मासिक द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता को सराहनीय पहल बताया ।
उल्लेखनीय है कि हिमालिनी ज्ञानकुंज प्रतियोगिता के दूसरे चरण के अंतर्गत इस बार ‘आलेख प्रतियोगिता’ आयोजित की गई थी, जिसके लिए ‘पेड़ लगाएं जीवन बचाएं’ शीर्षक निर्धारित किया गया था । प्रतियोगिता श्रृंखला के अंतर्गत इससे पूर्व हिमालिनी द्वारा कविता प्रतियोगिता भी आयोजित की जा चुकी है । विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com