Wed. Jun 10th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

नेपाल-भारत के पत्रकारों की सहभागिता से सम्पन्न हुआ जिला पत्रकार सम्मेलन

 

सुपौल भपटियाही से लौटकर माला मिश्रा / वरुण मिश्रा की रिपोर्ट
सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड मुख्यालय में नेशनलिस्ट्स यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), बिहार की सुपौल इकाई द्वारा आयोजित जिला पत्रकार सम्मेलन-2026 सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार, सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं तथा भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
सम्मेलन का उद्घाटन निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनयूके के जिला अध्यक्ष उपेंद्र चंदन ने किया । कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार मनोज रोशन ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत एनयूजे बिहार के प्रदेश अध्यक्ष कुमार अमर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के विधायक, जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन की सबसे विशेष बात यह रही कि नेपाल के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों एवं सामाजिक हस्तियों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे कार्यक्रम भारत-नेपाल पत्रकारिता समन्वय और अंतरराष्ट्रीय मित्रता का प्रतीक बन गया।
नेपाल से गोरखा पत्र की समाचारदाता एवं सप्तकोसी टेलिभिजन, ईटहरी-सुनसरी से जुड़ी पत्रकार कोकिला भण्डारी, हिमालय टिभी विराटनगर, मोरंग के कोशी ब्यूरो प्रमुख ध्रुव भट्टराई, स्वतंत्र भंसार प्रतिनिधि संगठन आईसीपी विराटनगर के सह सचिव एवं हिन्दू स्वयंसेवक संघ नेपाल के व्यवस्था प्रमुख अरविंद ठाकुर, नेपाल स्काउट के पूर्व राष्ट्रीय आयुक्त एवं वर्तमान राष्ट्रीय प्रशिक्षक नवल प्रसाद उपाध्याय, आभा फाउंडेशन नेपाल की अध्यक्ष आभा अनुपमा, मोरंग उद्योग व्यापार संघ की महिला संयोजिका साधना झा तथा नेपाली मीडिया के पत्रकार पवन शाह सहित कई गणमान्य हस्तियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।
नेपाल से भारतीय क्षेत्र पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सीमाक्षेत्र के पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता माला मिश्रा एवं वरुण मिश्रा कर रहे थे। दोनों ने सम्मेलन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए भारत-नेपाल के पत्रकारों के बीच समन्वय और सामाजिक सहयोग को मजबूत करने पर बल दिया।
सम्मेलन के दौरान पत्रकारिता, सामाजिक सेवा एवं सीमाक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्राइम अस्पताल विराटनगर के डायरेक्टर सनातन मंडल सहित कई प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक कार्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं मोरंग क्षेत्र संख्या-5 से निर्वाचित प्रतिनिधि आशा झा के पति आमोद झा की उपस्थिति भी कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही।
सम्मेलन में उपस्थित सभी पत्रकारों, मीडिया कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम ने भारत-नेपाल के पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, सामाजिक सरोकार एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के दायित्वों को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *