विराटनगर के आदर्श निर्माण मंदिर ने मनाया समारोह पूर्वक स्वर्ण जयंती
माला मिश्रा, विराटनगर जोगबनी । विराटनगर के आदर्श निर्माण मंदिर ने अपनी स्थापना की ५०वीं वर्षगांठ (स्वर्ण जयंती) के अवसर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक तथा प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित कर भव्य रूप में मनाया है।
शनिवार को विराटनगर के हाटखोला स्थित आरोहण गुरुकुल में आयोजित विशेष समारोह में नेपाली हास्य-व्यंग्य क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार मदनकृष्ण श्रेष्ठ और हरिवंश आचार्य (मह-जोडी) प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में नशामुक्त आदर्श बस्ती संबंधी वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया और उसके प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। वृत्तचित्र में इलाम के माइपोखरी, सिराहा तथा काठमांडू में देखे गए नशामुक्त और शाकाहारी आदर्श गांवों के उदाहरण प्रस्तुत किए गए थे।
वि.सं. २०३२ साल में स्थापित इस संस्था ने पिछले पाँच दशकों से चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र विकास के क्षेत्र में किए गए योगदान की चर्चा की। कार्यक्रम में आदर्श निर्माण मंदिर की स्वर्ण जयंती स्मारिका का विमोचन करने के साथ-साथ चेतनामूलक नाटक और सांगीतिक प्रस्तुति भी दी गई।
इसी अवसर पर बाल संस्कार, गतिविधियाँ तथा नशामुक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी गई। संस्था द्वारा लगभग ५० वर्ष से क्लिनिक संचालन, कृत्रिम पैर वितरण, हृदय संबंधी परियोजना में सह-संस्थापक की भूमिका, काठमांडू के पशुपति क्षेत्र में शीतल जल प्लांट की स्थापना, करीब ३,५०० बेवारिस शवों का दाह-संस्कार तथा रक्तदान सहित विभिन्न मानवीय और सेवामूलक कार्य किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष शिवरत्न जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, काठमांडू अध्यक्ष सन्दीप अग्रवाल, संस्थापक लक्ष्मण नेवटिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। संस्था की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर मोरंग के सीडीओ , एसपी तथा विराटनगर के समाजसेवी तथा अग्रणी व्यक्तियों की बड़ी उपस्थिति रही।


