Sat. Sep 19th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारत-नेपाल मिलकर बनाएंगे स्थानीय भाषाओं के लिए एआई तकनीक, काठमांडू विश्वविद्यालय के साथ बातचीत

 

उदय चंद्र सिंह

 

नई दिल्ली। भारत और नेपाल ने स्थानीय भाषाओं को डिजिटल दुनिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ने के लिए मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत काम करने वाले डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग (डीआईबीडी) की टीम ने काठमांडू विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई केंद्र की टीम के साथ इस मुद्दे पर विस्तार से बातचीत की। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ भी बैठक हुई।

बातचीत में खास तौर पर नेपाल की स्थानीय भाषाओं के लिए एआई आधारित तकनीक विकसित करने पर जोर दिया गया। नेपाली के अलावा नेवारी, तमांग और गुरुंग जैसी भाषाओं को एआई और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बेहतर जगह देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ही प्राचलित और रंजना जैसी पारंपरिक लिपियों को भी डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर विचार किया गया। दोनों पक्षों का मानना है कि एआई के दौर में कम इस्तेमाल होने वाली भाषाओं को तकनीक से जोड़ना जरूरी है, ताकि इन भाषाओं के बोलने वालों को भी डिजिटल सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके।

यह भी पढें   जनमत पार्टी के अध्यक्ष में डा. सीके राउत निर्विरोध

बैठक में भाषा से जुड़े आंकड़ों यानी लैंग्वेज डेटा को जुटाने और सुरक्षित रखने की जरूरत पर भी चर्चा हुई। अलग-अलग भाषाओं और बोलियों को बोलने वाले लोगों की आवाज और भाषा से जुड़े पर्याप्त आंकड़े उपलब्ध होने पर ही बेहतर एआई मॉडल तैयार किए जा सकते हैं। इसी के साथ अनुवाद की सुविधा को बेहतर बनाने और भाषा मॉडल तैयार करने के लिए जरूरी कंप्यूटिंग क्षमता जुटाने पर भी बात हुई।

यह भी पढें   ‘ग्लोबल यूथ पार्लियमेंट’के संस्थापक एवं युवा अभियन्ता दिवाकर अर्याल ने किया उनेपा में प्रवेश

सहयोग का दायरा केवल एआई मॉडल तैयार करने तक सीमित नहीं रहेगा। दोनों पक्षों ने ऐसी तकनीक विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की, जिनके जरिए लोग अपनी स्थानीय भाषा में आवाज के माध्यम से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकें। यानी भविष्य में स्थानीय भाषाओं में बोलकर जानकारी हासिल करने, सेवाओं का इस्तेमाल करने और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

काठमांडू विश्वविद्यालय का डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और एआई केंद्र इस दिशा में अनुसंधान और तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध करा सकता है। वहीं, भारत का भाषिणी प्लेटफॉर्म पहले से ही बहुभाषी डिजिटल सेवाओं और भाषा एआई के क्षेत्र में काम कर रहा है। ऐसे में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग से नेपाल की स्थानीय भाषाओं के लिए नए एआई मॉडल और डिजिटल समाधान विकसित करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

यह भी पढें   सर्वदलीय बैठक में सभामुख से सात दिनों के भीतर संसदीय समिति गठित करने का आग्रह

भारत का भाषिणी देश में एआई आधारित बहुभाषी डिजिटल समावेशन के लिए प्रमुख मंच है। यह 800 से अधिक सरकारी वेबसाइटों को भाषा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है और भारतीय तथा अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के लिए टेक्नोलॉजी सहयोग प्रदान करता है। भारत-नेपाल की यह पहल भाषा, तकनीक और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग को एक नया आयाम दे सकती है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com