अभिभावक विहीन बच्चों को १२वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा और रहने की सुविधा देने का बागमती प्रदेश का निर्णय
काठमांडू, भाद्र १८ – बागमती प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि रसुवा के भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ में प्रभावित हुए उन बच्चों को १२वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा और रहने की सुविधा देंगी, जिन्होंने अपने माता –पिता को खो दिया है । आज (गुरुवार) को हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में यह निर्णय लिया गया है ।
सरकार के प्रवक्ता भौतिक पूर्वाधार विकासमंत्री भरत केसी ने जानकारी दी है कि बाढ़ के कारण जिन बच्चों ने अपने अभिभावकों को खो दिया है, उन बच्चों की शिक्षा और आवास की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने लेने का निर्णय किया है । केसी ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित रसुवा, नुवाकोट, धादिङ और चितवन के अभिभावक विहीन बच्चों के संरक्षण और शिक्षा में निरंतरता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है ।
इसी तरह बैठक में प्रदेश विपद् व्यवस्थापन कोष परिचालन संबंधी कार्यविधि संशोधन करने का निर्णय लिया है । इससे पहले प्रदेश विपद् व्यवस्थापन कोष से रकम सम्बन्धित जिलों को जिला दैवी प्रकोप व्यवस्थापन कोष में भेजने की व्यवस्था थी ।
केसी ने बताया कि उक्त व्यवस्था के कारण आपदा के समय में रकम परिचालन तथा खर्च करने की प्रक्रिया में बहुत ज्यादा कठिनाई होती थी । संघीय कानून अनुसार प्रक्रिया का पालन करना पड़ता था इसलिए कार्यविधि संशोधन करने का निर्णय लिए जाने की जानकारी मंत्री केसी ने दी ।
इसी तरह मंत्रिपरिषद् की बैठक ने उद्योग, पर्यटन, श्रम, रोजगार तथा यातायात मंत्रालय के अस्थायी दरबन्दी स्वीकृत करने का भी निर्णय लिया है ।

