सऊदी अरब में ड्रोन हमले में नेपाली नागरिक की मौत, एक फिलिपिनो की भी गई जान
काठमांडू, 22 अक्टूबर।
सऊदी अरब के सेबा ऑयल फील्ड में हुए ड्रोन हमले में एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई। बुधवार को सऊदी अरामको के तेल उत्पादन एवं प्रसंस्करण केंद्र को निशाना बनाकर किए गए हमले में एक नेपाली और एक फिलिपिनो नागरिक की जान चली गई। घटना में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं।
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, हमले के लिए आए ड्रोन को सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया था। हालांकि, ड्रोन का मलबा नीचे गिरने से ऑयल फील्ड परिसर के बाहर खड़े एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई। इस घटना में दोनों श्रमिकों की मौत हो गई।
इस घटना पर नेपाल के विदेश मंत्रालय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए हमले की निंदा की है। मंत्रालय ने गुरुवार को जारी अपने संदेश में मृत नेपाली नागरिक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्रालय ने आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले सभी प्रकार के हमलों की स्पष्ट रूप से भर्त्सना की है।
नेपाल ने अपने सैद्धांतिक रुख को दोहराते हुए कहा कि वह हमेशा संवाद, वार्ता और कूटनीतिक प्रयासों के माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान करता रहा है।
पिछले कुछ सप्ताहों से यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोही सऊदी अरब के हवाई अड्डों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर लगातार हमले कर रहे हैं।

