सुदूरपश्चिम ने काठमांडू गोर्खाज को दिया १२६ रनों का लक्ष्य
काठमांडू, कात्तिक २७ – कप्तान दीपेन्द्र सिंह ऐरी के शानदार अर्धशतक की बदौलत सुदूरपश्चिम रॉयल्स ने नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) में काठमांडू गोर्खाज के सामने जीत के लिए १२६ रनों का लक्ष्य रखा है।
कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय क्रिकेट मैदान में टॉस जीतकर काठमांडू ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुदूरपश्चिम ने निर्धारित २० ओवर में ६ विकेट के नुकसान पर १२५ रन बनाए।
सुदूरपश्चिम की शुरुआत बेहद खराब रही । टीम ने २.३ ओवर में महज ८ रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे । ऐसे मुश्किल समय में आरिफ शेख और कप्तान दीपेन्द्र सिंह ऐरी ने पारी को संभाला । दोनों ने पाँचवें विकेट के लिए ६२ रनों की साझेदारी की। आरिफ १६ रन बनाकर रन आउट हुए।
इसके बाद छठे विकेट के लिए दीपेन्द्र और थरिन्दु रत्नायके ने ५४ रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।
दीपेन्द्र ने ५५ गेंदों पर ५ चौके और २ छक्कों की मदद से ६० रन बनाए। वह जहानदाद खान की गेंद पर भीम सार्की के हाथों कैच आउट हुए।
कप्तान दीपेन्द्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ४६ गेंदों पर ४ चौके और २ छक्कों की मदद से पचास रन पूरे किए।
थरिन्दु रत्नायके २६ और फेबियन एलन २ रन बनाकर नाबाद रहे।
सुदूरपश्चिम की ओर से सलामी बल्लेबाज स्कॉट कुग्लेजिन ६ और विनोद भंडारी १ रन बनाकर आउट हुए। वहीं ब्रैंडन मैकमुलेन और ईशान पांडे अपना खाता भी नहीं खोल सके।
काठमांडू की ओर से जहानदाद खान ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए, जबकि संतोष यादव को २ विकेट मिले।


