रोज धरती पर जितने बच्चे नहीं आ रहे, उससे ज्यादा आईफोन बेच रही एप्पल
वाशिंगटन. एप्पल कंपनी ने बताया है कि उसने साल 2012 की पहली तिमाही में 37.04 मिलियन आईफोन बेचे हैं। यह संख्या किसी भी दूसरी कंपनी की तुलना में कहीं ज्यादा है।
एप्पल ने तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित करते हुए यह जानकारी जैसे ही सार्वजनिक की, उसके बाद ल्यूक रोबलेवस्की ने ट्विटर पर एक दिलचस्प आंकड़ा शेयर किया। मोबाइलफर्स्ट के डिजाइनर और लेखक ल्यूक ने ट्वीट किया, ‘दुनिया में रोज जितने लोग पैदा होते हैं (300000), रोज उससे ज्यादा (402000) आईफोन बेचे जाते हैं।’
इस आंकड़े के आधार पर देखा जाए तो दुनिया भर में लोग रोज जितने बच्चे पैदा नहीं कर रहे हैं, एपल उतने आईफोन बेच रही है। हालांकि यह भी एक तथ्य है कि बच्चों के जन्म का आंकड़ा लगातार बढ़ता रहता है और यह भी कि पहली तिमाही में एप्पल की बिक्री बढ़ने की वजह क्रिसमस की खरीददारी भी रही होगी।

