दोस्तों के साथ शराब पीते पकड़े गये दरभंगा के विधायक के भाई*
पटना.बिहार.{मधुरेश}–बिहार के मिथिलांचल इलाके दरभंगा में सूबे की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के विधायक के भाई अपने दोस्तों के साथ शराब पीते रंगे हाथ पकड़े गये हैं।
भाजपा विधायक के भाई की गिरफ्तारी ने सरकार पर हमलावर बने विपक्ष की बोलती बंद करा दी है। विधायक के भाई की करतूत सामने आने से सूबे की सत्ताधारी जदयू महागठबंधन के नेताओं को विपक्ष के खिलाफ बैठे-बिठाये एक गंभीर मुद्दा हाथ लग गया है। दरभंगा के भाजपा से नगर विधायक संजय सरावगी के भाई अजय सरावगी व अन्य दो लोगों को उत्पाद अधीक्षक दीनबंधु ने शराब पीते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब नौ बजे दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के हसनचौक के पास अजय सरावगी, पंकज कुमार तथा रितेश कुमार मारुति वैगन आर गाड़ी में एसी चालू कर अंदर बैठ कर शराब पी रहे थे। जिसकी जानकारी मिलने के बाद उत्पाद निरीक्षक द्वारा कार्रवाई कर सभी को गिरफ्तार किया गया है।अजय सरावगी के दो अन्य साथियों में एक दरभंगा समाहरणालय के विकास शाखा के क्लर्क पंकज कुमार तथा दूसरे रितेश कुमार एलआईसी एजेंट बताये जा रहे है। विधायक संजय सरावगी के भाई की गिरफ्तारी के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है।


