सद्भावना पार्टी के वर्गीय मञ्चों का गांव, नगर एवं क्षेत्रीय अधिवेशन संपन्न

विनोदकुमार विश्वकर्मा ‘विमल’
काठमांडू, अगहन ९ ।
सद्भावना पार्टी के सभी वर्गीय मंचो का गांव, नगर एवं क्षेत्रीय अधिवेशन संपन्न हुआ है । झापा, मोरंग, सुनसरी, सप्तरी, सिरहा, धनुषा, महोत्तरी, सर्लाही, रौतहट, बारा, पर्सा, नवलपरासी, कपिलवस्तु, रुपन्देही बाँके, बर्दिया, कैलाली, कंचनपुर, चितवन, कास्की, तनहुँ, जिलों के कुछ गांवों, नगरों एवं क्षेत्रों को छोड़कर बाकी सभी गांवों, नगरों एवं क्षेत्रों में अधिबेशन सम्पन्न हो गया है ।
सद्भावना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने कहा कि २०७२ चैत्र १५ से १७ गते तक विराटनगर में हुई विस्तारित बैठक के अनुसार पार्टी के सभी वर्गीय मञ्चों का गांव, नगर, क्षेत्रीय एवं जिला अधिवेशन शीघ्रातिशीघ्र करवाने का निर्णय हुआ था । इसी के तहत २०७३ भाद्र २१ गते तक गांव एवं नगर अधिवेशन, भाद्र २२ से २८ गते तक क्षेत्रीय अधिवेशन एवं भाद्र २९ गते को जिला अधिवेशन करवाने की तिथि निर्धारित की गयी थी, लेकिन निर्धारित तिथियों में अधिवेशन हेतु तैयारी न होने की वजह से अधिवेशन की तिथियों में फेबदल किया गया था ।
२०७३ आश्विन माह से कात्तिक माह तक गांव, नगर, एवं क्षेत्रीय अधिवेशन तथा अगहन माह के जिला अधिवेशन करवाने की तिथि निर्धारित की गयी थी । हाल–फिलहाल झापा से लेकर कंचनपुर तक तथा चितवन, गोरखा एवं तनहूं जिलों में जिला अधिवेशन जारी है और अगहन माह तक संपन्न किया जाएगा ।
सद्भावना पार्टी के कुल २२ वर्गीय मंचों में से सद्भावना बुद्धिजीवी मंच, शिक्षक मंच, युवा मंच, विद्यार्थी मंच, किसान मंच, मजदूर मंच, उद्योग वाणिज्य मंच, थारु उत्थान मंच, मुस्लिम मंच, दलित उत्थान मंच, आदिवासी÷जनजाति उत्थान मंच, स्वास्थ्य कर्मी मंच, सांस्कृतिक उत्थान मंच, महिला मंच, खुदरा व्यापार मंच आदि गांवों, नगरों एवं क्षेत्रों में ज्यादा सक्रिय एवं संगठित हैं ।

