Wed. Jun 10th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

तमिलनाडु की सीएम जयललिता का निधन, राजकीय शोक घोषित*

 

jai-06dec1481034543last-amma_l
*नई दिल्ली.मधुरेश*- ६ दिसिम्बर | तमिलनाडु की मुख्यमंत्री और अम्मा के नाम से प्रसिद्ध देश की ताकतवर महिला राजनेताओं में शुमार जे. जयललिता का चेन्नई के अपोलो अस्पताल में सोमवार रात निधन हो गया। अपोलो अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात 11.30 बजे अम्मा ने अंतिम सांस लिया। वह 68 वर्ष की थीं और पिछले करीब 3 माह से अस्पताल में भर्ती थीं। चेन्नई के मरीना बीच पर मंगलवार शाम 4.30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है, जहां देश भर के सरकारी इमारतों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
लोगों के अंतिम दर्शन के लिए जयललिता के पार्थिव शरीर को राजाजी हॉल में रखा गया है, जहां हजारों समर्थक अपनी ‘पुराची थलैवी अम्मा’ (क्रांतिकारी नेता अम्मा) को अंतिम विदाई देने के लिए कतार में खड़े हैं। जयललिता की पसंदीदा हरे रंग की साड़ी में लिपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर शीशे के बक्से में रखा गया है। यह बक्सा राजाजी हॉल की सीढ़ियों पर रखा गया है और सेना के चार जवानों ने उसे राष्ट्रीय ध्वज से ढक दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम और उनके सहयोगी मंत्रिमंडलीय सहयोगियों, सांसदों, विधायकों तथा राज्य के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने दिवंगत मुख्यमंत्री को सबसे पहले श्रद्धांजलि दी।
इससे पहले जयललिता के पार्थिव शरीर को मंगलवार सुबह उनके आवास पोएस गार्डन से राजाजी हॉल ले जाया जा रहा था, वहां समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। इस दौरान कई बार समर्थकों और पुलिस में झड़प देखने को मिली। पूरे चेन्नई में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।
जयललिता जयराम राज्य की एक लोकप्रिय नेता थीं, जिन्होंने अपने लोकलुभावन कार्यक्रमों से गरीबों का दिल जीता और पिछले तीन दशक से प्रदेश की राजनीति में एक ध्रुव थी। उनको रविवार शाम को दिल का दौरा पड़ा था और तभी से उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी। तमिलनाडु में स्‍कूल और कॉलेज तीन दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं और 6 दिसंबर से सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। वहीं सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश की घोषणा की गई है। अम्मा के निधन से उनका गृह राज्य तामिलनाडु शोक में डूबा हुआ है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *