Wed. Jun 17th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

नोटबंदी से देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति : सीपीआई

 

IMG-20170115-WA0005

*मोतिहारी.मधुरेश*~देश में नोटबंदी के बहाने पीएम मोदी ने एक तरह से आपातकाल लागू कर दिया है। उक्त बातें सीपीआई के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने रविवार को पूर्वी चंपारण के केसरिया में सीपीआई की ओर से आयोजित पितांबर जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी एक बड़ा घोटाला है। हमारी पार्टी इस घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी जज से कराने की मांग करती है। श्री सिंह ने कहा कि साथी पितांबर सिंह सूबे बिहार में वामपंथी राजनीति के लेनिन के रुप में प्रसिद्ध थे, जिन्होंने जीवन पर्यन्त गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष किया। राज्य सचिव ने कहा कि सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक जनता के सवालों को लेकर संघर्ष करने वाले लोकप्रिय नेता साथी पितांबर सिंह भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनका विचार हम सबको हर-हमेशा संघर्ष के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा। पीएम पर बरसते हुए उन्होंने मोदी की तुलना हिटलर से की। गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमा मंडन करने का भी आरोप उन्होंने केन्द्र की एनडीए सरकार पर लगाया।पीएम मोदी पर संविधान की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मंच से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर अपनी पार्टी की ओर से संविधान बचाओ दिवस मनाने की घोषणा की। भाजपा पर साम्प्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाते हुए सीपीआई नेता ने धर्मनिरपेक्ष ताकतों की एकजूटता के लिए लोगों से लाल झंडे के नीचे संगठित होने का आह्वान किया। बिहार की नीतीश सरकार को सभी मोर्चे पर विफल बताते हुए राज्य सचिव ने कहा कि यहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है और लूट-हत्या-बलात्कार की घटनाएं लगातार हो रही है। सवालिए लहजे में मंच के माध्यम से उन्होंने नीतीश कुमार से पुछा कि क्या यही आपका सात निश्चय है! कम्युनिष्ट आंदोलन को समय की जरुरत बताते हुए उन्होंने वाम-जनवादी ताकतों को मजबूत करने का आह्वान लोगों से किया। मंच से श्री सिंह ने यह घोषणा किया कि सीपीआई अगला लोकसभा चुनाव पूर्वी चंपारण से हर हाल में लड़ेगी। वहीं जयंती समारोह को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र नाथ राय ने कहा कि मोदी देश में तानाशाह बन गये हैं लेकिन इसका खामियाजा उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जयंती समारोह को पटना हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा, पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रामबाबू कुमार, राज्य नेता डा. शंभू शरण सिंह, जिला मंत्री रामवचन तिवारी, विजय शंकर सिंह, रामायण सिंह, कौशल किशोर सिंह, बाबूनंद शर्मा, हरेन्द्र त्रिपाठी, नेजाम खां, हरिशंकर पासवान एवं ध्रुव चौरसिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त रुप से वरीय नेता फतेह महमद खां एवं हेमनारायण सिंह ने की। इससे पहले हजारों की संख्या में लाल झंडे से लैस कार्यकर्ताओं ने केसरिया बाजार में जुलूस निकाला और थाना के समीप स्थापित पूर्व सांसद की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *