राहुल से 1 साल छोटा और अखिलेश से 1 साल बड़ा हूं, दोनों की जोड़ी के बीच में आ गया: योगी
*नई दिल्ली. मधुरेश*- यूपी के नवनिर्वाचित सीएम आदित्यनाथ योगी ने मंगलवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज जहां भी चुनाव होते हैं, वहां मोदी को आईकन के रूप में देखा जाता है। लोकसभा में अपना आखिरी भाषण देते हुए योगी ने कहा कि मैं राहुल गांधी से एक साल छोटा और अखिलेश यादव से एक साल बड़ा हूं।इस लिए इनकी जोड़ी के बीच आ गया। इसे आप सपा-कांग्रेस की विफलता का कारण मान सकते हैं। बता दें कि योगी गोरखपुर से लोकसभा सदस्य हैं। अब यूपी के सीएम बन गए हैं। लिहाजा, उन्हें छह महीने के अंदर यूपी में किसी सदन से चुनकर आना होगा। इसके लिए वे लोकसभा सदस्यता छोड़ेंगे।
आदित्यनाथ ने कहा, मैं पूरे सदन से इस बात को कहना चाहूंगा कि हमारी पार्टी और हमारे नेता ने हमें एक दायित्व दिया है। आप यूपी में आएं, आपका स्वागत होगा वहां। यूपी प्रधानमंत्रीजी के सपनों का प्रदेश होगा। भ्रष्टाचार मुक्त, अराजकता और गुंडागर्दी से मुक्त प्रदेश होगा। हम विकास का ऐसा मॉडल देंगे कि वहां के युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा। माताओं-बहनों को सुरक्षा के लिए गुहार नहीं लगानी पड़ेगी। इस दौरान अपोजिशन बेंच से कुछ कहा गया।
इस पर योगी ने कहा, आप देखते रहिए, बहुत कुछ बंदी होने जा रही है। बहुत कुछ बंद होने जा रहा है।


