Thu. Jul 2nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

धनबाद के पूर्व उप मेयर सहित 4 की हत्या, पुरे कोयलांचल में हड़कम्प

 

murder_janakpur

*धनबाद से मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट*

*धनबाद,झारखण्ड*:- धनबाद के पूर्व उप मेयर नीरज सिंह की गाड़ी पर मंगलवार की शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में अपराधियों ने नीरज सिंह सहित चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद धनबाद में कर्फ्यू जैसा माहौल है। उधर, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने इस मामले में डीजीपी को कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।
घटना को लेकर धनबाद में जबरदस्त तनाव व्याप्त है। पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पूरे कोयलांचल में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच डीजीपी ने घटना की जांच के लिए एसआइटी का गठन कर दिया है।
विदित हो कि देर शाम धनबाद के स्टील गेट के पास शाम करीब सात बजे बाइक सवार हमलावरों ने नीरज सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले में नीरज (32), उनके मित्र अशोक यादव तथा नीरज के ड्राइवर व बॉडीगार्ड घायल हो गए। उनको तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन नहीं बचाया जा सका। अपराधी घटना के बाद भागने में सफल रहे। नीरज के चचेरे भाई झरिया के विधायक संजीव सिंह का आवास घटनास्थल के पास ही है।
घटना उस समय हुई, जब नीरज सिंह अपनी फॉर्च्यूनर (जेएच-10 एआर 4500) से अपने आवास लौट रहे थे। वे ड्राइवर के साथ आगे की सीट पर थे। पीछे की सीट पर उनके मित्र अशोक यादव नीरज के निजी बॉडीगार्ड के साथ थे।
स्टील गेट के पास स्पीड ब्रेकर पर नीरज की गाड़ी की रफ्तार कम होते ही दो बाइक पर सवार हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। घटना में गाड़ी के शीशों पर गोलियों की 50 से अधिक सुराख बन गये।
नीरज सिंह कोयलांचल के दबंग रहे सूर्यदेव सिंह के भतीजे थे। उनके पिता राजनारायण सिंह का कुछ साल पहले ही निधन हो गया था, हालांकि सूर्यदेव सिंह के परिवार से उनकी नहीं पट रही थी। सूर्यदेव सिंह के पुत्र संजीव सिंह झरिया से विधायक हैं।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *