Wed. May 20th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

राजपा नेपाल को एक ताकतवर पार्टी के रूप में स्थापित करेंगे : डॉ. कौशलेन्द्र मिश्र

 
kauslendra-mishra
डॉ. कौशलेन्द्र मिश्र,  काठमांडू ,३ मई |
वैशाख ७ गते अमृतभोग के सभागार में मधेश केन्द्रित छह दलों के बीच एकीकरण हुआ है । इस एकीकरण से मधेश को ऊर्जा मिली है । जहां तक सवाल है राजपा नेपाल की रणनीति के सम्बन्ध में, तो मुझे लगता है कि स्व. गजेन्द्र बाबू ने जब सद्भावना परिषद् की नींव रखी थी, उसी समय से इसका इतिहास जुड़ा हुआ है । गजेन्द्र बाबू ने मधेशवाद की बात नहीं की । उन्होंने समतावादी आंदोलन की बात की थी । उनका विचार गांधी जी के विचार से मिलता जुलता है । विदित है कि वे गांधी जी और लोहिया जी के विचार से ज्यादा प्रभावित थे । मधेशवाद का मुद्दा २०४७ साल से उठाया गया है । हालांकि इससे पूर्व भी मधेशवाद का मुद्दा उठाया गया था । गजेन्द्र बाबू ने जो नींव रखी थी, वही नींव है आज के मधेशवाद के आंदोलन का या मधेशवादी पार्टियों के सशक्त होने का । यहां तक कि राजपा नेपाल के गठन होने में उनका विचार या मूलमंत्र का बहुत प्रभाव पड़ा ।
दूसरी संविधान सभा चुनाव के बाद मधेश की जनता की चाहत थी कि अलग–अलग धड़े या राजनीतिक दलों में बंटे जितनी भी पार्टियां हैं, वे सभी पार्टियां एक जगह होनी चाहिए । निश्चित रूप से एक जगह में लाने के लिए ढेर सारी समस्याएं थीं । लेकिन उन सभी समस्याओं को दरकिनार करते खासकर संयुक्त लोकतान्त्रिक मधेशी मोर्चा में आबद्ध सात दलों में से छह दलों ने जो अभूतपूर्व निर्णय लिया, वह निर्णय सिर्फ मधेश की राजनीति को ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति को बदलने के लिए भी है । मेरी मान्यता है कि जो इस धड़े से अलग हो जाएंगे, वे सदा के लिए पृथक रह जाएंगे । यही एक ताकतवर धड़ा है, जिसमें आशंका की कोई जगह नहीं है । हमारे सभी नेता दृढ़चित हैं । और वे इस नींव को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध भी हैं ।
पार्टी की मजबूती के लिए काफी प्रयास किया जा रहा है । खासकर संगठन की संरचना कैसी हो, इसकी नीति क्या हो, रणनीति क्या हो । इन विषयों में हम लोग गंभीर रूप से विमर्श में जुटे हुए हैं । मुझे लगता है कि अगले एक या दो हफ्तों में इसका एक आकार स्पष्ट हो जाएगा । लेकिन एक बात तय है कि हम समतावादी आंदोलन और मधेशवाद से दूर नहीं रह सकते हैं । यही हमारी बुनियाद है, जिस बुनियाद को राजपा नेपाल कदापि नहीं छोड़ेगी । यही समतावादी आंदोलन और मधेशवाद की नींव पर संगठन की सभी संरचनाओं को मजबूत करेंगे, जिससे मधेश में ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण देश में एक ताकतवर पार्टी के रूप में स्थापित करेंगे । इसी उद्देश्य के साथ हमारी पार्टी आगे बढ़ रही है । चुनौतियां जो भी आएंगी उसके लिए हमारे सभी नेता तैयार हैं चाहे वह अध्यक्ष मंडल के नेता हों या दूसर यो तीसरे दर्जे के नेता ही क्यों न हों । चूंकि, राजपा नेपाल में एक ही लेवल के नेता नहीं हैं, वे सभी राजनीति में माहिर हैं । इसकी शुरुआत गजेन्द्र बाबू ने की थी । करीब ३०–३२ वर्षों में मधेश में बहुत सारे लीडरशीप आए, जिन्हें लंबा अनुभव हैं । और वे सभी राजपा नेपाल के झंडे के तले हैं । इसलिए हमें पूर्ण विश्वास है कि राजपा नेपाल का भविष्य सुखद है । और इसे सुखद बनाने के लिए हम सभी दिलोजान से लगे हुए हैं । हमारा प्रयास सफल भी होगा ।
(डॉ. कौशलेन्द्र मिश्र, राजपा नेपाल के नेता हैं ।)

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *