Wed. Oct 7th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

बीजेपी सांसद शत्रुघ्न आए लालू के पक्ष में, कहा- आरोप लगाने से कुछ नहीं होता, उसे साबित करें

 

*पटना.मधुरेश*। पटना साहिब लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर बगावती तेवर दिखाया है। उन्होंने राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव पर सुशील मोदी द्वारा लगाए जा रहे आरोप का बचाव किया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि सिर्फ आरोप लगाने से कुछ नहीं होता,उसे साबित भी करना चाहिए या फिर इसे रोक देना चाहिए।
बेनामी संपत्ति के मामले में राजद प्रमुख लालू यादव के ठिकानों पर पिछले दिनों आयकर विभाग की छापेमारी के बाद से बीजेपी हमलावर रूख अपना रही है।
करीब डेढ़ माह से बिहार भाजपा के नेता और सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी आए दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लालू परिवार की बेनामी संपत्ति पर खुलासा कर रहे हैं।

यह भी पढें   प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा की तैयारियाँ तेज

शत्रुघ्न ने ट्वीट किया है कि निगेटिव पॉलिटिक्स बहुत हो गई। हमारे राजनेता रोज लालू यादव पर पर कीचड़ उछाल रहे हैं। यह काफी हो चुका है। अपने दावों को साबित करें या फिर किसी पर कीचड़ उछालना बंद करें।
मीडिया को वन नाइट स्टोरी और सनसनीखेज खबरें देने से कोई फायदा नहीं होता है।
शत्रुघ्न से आगे ट्वीट किया कि भाजपा ईमानदारी और पारदर्शिता में विश्वास करती है। आरोप तब तक आरोप रहता है जब तक उसे साबित नहीं किया जाता।
शत्रुघ्न सिन्हा के ट्वीट के जवाब में सुशील मोदी ने भी ट्वीट किया है।
सुशील मोदी ने ट्वीट किया कि ये जरूरी नहीं कि मशहूर शख्स पर भरोसा किया जाए,जितना जल्दी हो घर से गद्दारों को बाहर किया जाए। जिस लालू की बेनामी संपत्ति के बचाव में नीतीश नहीं उतरे उसके बचाव में भाजपा के ‘शत्रु’ कूद पड़े। राजद सुप्रीमों के पक्ष में शत्रुध्न सिन्हा के उतरने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गयी है। ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि भाजपा का केन्द्रीय नेतृत्व शीघ्र ही सिन्हा को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकता है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com