मई ५ में ही पार्टी एकता होने की सम्भावना हैः प्रचण्ड
काठमांडू, २ मई । नेकपा माओवादी केन्द्र के अध्यक्ष पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने कहा है कि मई ५ के दिन नेकपा एमाले और माओवादी केन्द्र के बीच पार्टी एकता होने की सम्भावना है । १२९वें अन्तर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर मंगलबार काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधन करते हुए अध्यक्ष प्रचण्ड ने कहा– ‘कार्लमाक्र्स का जन्म मई ५ में हुआ था । उसी दिन नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) की घोषणा भी हो सकती है ।’
अध्यक्ष प्रचण्ड ने दावा किया है कि एकता प्रक्रिया अन्तिम चरण में पहुँच गया है । उन्होने यह भी कहा कि पार्टी एकता के लिए दो अध्यक्ष के बीच नियमित संवाद और वार्ता जारी है । उन्होंने आगे कहा– ‘इतिहास ने हम लोगों को एक बहुत बड़ा अवसर दिया है, इस अवसर को हम लोग कोई भी हालत में गंवाना नहीं चाहते हैं । २०१९ साल से विभाजित नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी को सम्भवतः २२ गते (मई ५) के दिन ही अन्तिम रुप दे सकते हैं ।’
अध्यक्ष प्रचण्ड ने दावा किया है कि एमाले–माओवादी एकता के बाद देश नयां युग में प्रवेश करेगा । पार्टी एकता के बाद समृद्ध और समाजवादउन्मुख कार्यक्रमों के साथ आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता भी अध्यक्ष प्रचण्ड ने व्यक्त किया । उनका यह भी कहना है कि कम्युनिष्ट नेतृत्व का सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ बना है, इसीलिए इसके सामने अवसर और चुनौती दोनों है ।

