भारतरत्न बाजपेयी के निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक, सभी सरकारी कार्यालय व दिल्ली बाजार आज रहेंगे बंद
{हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट}
नई दिल्ली: महान युगद्रष्टा व भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद केंद्र सरकार ने सात दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है. इसके अलावा बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, दिल्ली आदि राज्यों में एक दिन का अवकाश भी रहेगा. सरकारी दफ्तर, स्कूल व कॉलेज बंद रहेंगे. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सरकारी ऑफिस और स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे. इसके अलावा बीजेपी ने 18-19 अगस्त को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को रद्द कर दिया है. सरकारी स्कूलों के अलावा शुक्रवार को दिल्ली के बाजार भी बंद रहेंगे.व्यापारी संघ की ओर से ऐलान किया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में कल दिल्ली के बाजारों को बंद रखा जाएगा. पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के शव को उनके सरकारी आवास कृष्ण मेनन मार्ग पर रखा गया है, जहां उनके दर्शन को हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है. शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक उनके आवास पर लोगों ने अंतिम दर्शन किया. इसके बाद नौ बजे उनके शव को भाजपा के पार्टी कार्यालय पंडित दीनदयाल मार्ग लाया गया. यहीं से दिन के 1 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी. शाम चार बजे उनके शरीर को राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर पंच तत्व में विलिन किया जाएगा. दिल्ली में उनकी अंतिम यात्रा को लेकर बड़ी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, क्योंकि दिल्ली में अवकाश रहेगा. इसलिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं.पूर्व पीएम का जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा उस स्थल को स्मृति स्थल के रूप में भव्यता से विकसित किया जाएगा. उनके निधन पर निकट सहयोगी एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी पूरी तरह भावक हो गए और कहा कि उन्होंने अपने 65 वर्ष पुराने मित्र को खोया है, जिसे वे कतई नहीं भुला सकते. कुछ इसी प्रकार के बयान मुरली मनोहर जोशी के भी थे.कभी भाजपा के त्रिमूर्ति रहे अटल, आडवाणी व जोशी में से एक मूर्ति दुनिया को छोड़ चले हैं. उनके निधन पर पूरी दुनिया से शोक संवेदनाएं आ रही है.

