पुलवामा में भिडन्त के साथ ही मेजर सहित चार जवान मारे जाने की खबर आ रही है
पुलवामा, एएनआइ,
जम्मू- कश्मीर के पुलवामा के पिंगलान इलाके में चल रही मुठभेड़ में एक मेजर समेत चार जवान शहीद हो गए हैं। एक जवान घायल भी बताया जा रहा है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद जवान 55 राष्ट्रीय राइफल्स के थे। जो जवान इस मुठभेड़ में शहीद हुए हैं उनमें मेजर वीएस डोंडियाल, हवलदार श्योराम, सिपाही अजय कुमार और सिपारी हरी सिंह शामिल हैं। यह कहा जा रहा है कि सेना ने पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड जैश आतंकी गाजी रशीद और कामरान को घेर लिया है।
2-3 आतंकी छिपे होने की आशंका
पिंगलान इलाके में देर रात से सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। बताया जा रहा है कि 2-3 आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इस पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है। इस पूरे इलाके को घेरकर ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है। मुठभेड़ अब भी जारी है।

