दुःखद खबर : दिल का दौरा पड़ने से पूर्व भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन
{हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट } नई दिल्ली — भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता व पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 67 साल की उम्र में आज उनका निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां पांच डॉक्टरों की टीम उनके इलाज के लिए लगाई गई थी।
सीने में दर्द होने के शिकायत के फौरन बाद सुषमा स्वराज को एम्स में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थी। लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एम्स में मौजूद हैं। अभी अस्पताल में सुषमा स्वराज के पति और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। भाजपा की मृदुभाषी नेत्री सुषमा स्वराज के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।
पहले तो किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि सुषमा स्वराज का निधन हुआ है। लेकिन जब विभिन्न टीवी चैनलों पर उनके निधन की खबरे आने लगी तो लोगों को भरोसा हो गया कि देश की लोकप्रिय महिला नेत्री अब हमारे बीच नहीं रही।
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति और संसद द्वारा इस प्रस्ताव को पारित किए जाने की खुशी में अपने निधन से कुछ ही देर पहले श्रीमति स्वराज ने ट्वीट कर पीएम मोदी को बधाई दी थी। अपने ट्वीटर हैंडल पर सुषमा स्वराज ने लिखा था कि ” प्रधानमंत्री जी – मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी। “

