अमेरिकी यूनिवर्सिटी में छात्रों को भारतीय दूतावास हिंदी सिखाएगा, जानें- कैसा होगा पाठ्यक्रम
11 Aug
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। छात्रों की मांग पर दूतावास जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी में मुफ्त में हिंदी का कोर्स शुरू कराने जा रहा है। छह हफ्तों के इस इंट्रोडक्ट्री हिंदी लैंग्वेज कोर्स की शुरुआत 28 अगस्त से होगी।
इसका संचालन दूतावास में भारतीय संस्कृति के शिक्षक डॉ मोक्षराज करेंगे। इस कोर्स के तहत छात्रों को हिंदी की बुनियादी जानकारी जैसे अक्षर ज्ञान और व्याकरण सिखाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें हिंदी बोलने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस साल की शुरुआत में भारतीय दूतावास ने यूनिवर्सिटी में मुफ्त में हर हफ्ते एक घंटे हिंदी की क्लास देनी शुरू की थी। इस कोर्स में सात अलग-अलग देशों के 87 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसको लेकर यूनिवर्सिटी के सिगुर सेंटर फॉर एशियन स्टडीज के निदेशक ने अमेरिका में भारत के राजदूत को पत्र लिखा था।
इस पत्र में सेंटर के निदेशक बेंजामिन डी हॉपकिंस ने लिखा, ‘कम समय में भी कई छात्र हिंदी सीखने पहुंचे थे। इससे हिंदी भाषा में उनकी रुचि का पता चलता है। इसी से हम हिंदी के इंट्रोडक्टरी कोर्स का संचालन करने के लिए प्रोत्साहित हुए हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि सेंटर इस कोर्स को लेकर बेहद उत्साहित है। इस कोर्स के सफल रहने पर यूनिवर्सिटी में हिंदी का पूर्णकालिक पाठ्यक्रम शुरू होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

