आज हाेगा पूर्व वित्त मंत्री जेटली का अंतिम संस्कार प्रधानमंत्री माेदी ने कहा पहले बहन सुषमा और अब एक दाेस्त खाे दिया मैंने
नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली (66) का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने 12:07 बजे अंतिम सांस ली। वह काफी दिनों से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के लिए भर्ती थे। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा । अपने प्रिय नेता के दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर नेताओं का आना लगातार जारी है ।
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली 9 अगस्त से एम्स के आइसीयू में भर्ती थे, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की देखरेख कर रही थी।
66 वर्षीय जेटली को एम्स में पिछले कई दिनों ने जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए हाल के दिनों में पीएम मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई बड़े नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया था।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अरुण जेटली के घर पर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी पहुंचे अरुण जेटली के घर, जहां पूर्व वित्त मंत्री को श्रद्धांजलि दी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बीजू जनता दल (BJD) के सांसद पिनाकी मिश्रा ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी। दिग्गज भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के घर। उन्होंने अपने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से जेटली को श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पूर्व वित्त मंत्री को दी श्रद्धांजलि।
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने परिवार के साथ, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को उनके आवास पहुंच श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जेटली के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्हें याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने राजनीति में लंबा सफर तय किया जिसकी वजह से उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
प्रधानमंत्री माेदी ने कहा कि वाे एक राजनीतिक दिग्गज थे। उन्हाेंने कहा कि पहले बहन सुषमा और अब एक दोस्त खो दिया है। वह एक मुखर नेता थे जिन्होंने भारत में स्थायी योगदान दिया। उनके निधन की सूचना से दुखी हूं। पीएम ने उनकी पत्नी संगीता और बेटे रोहन से बात कर संवेदना व्यक्त की। अरुण जेटली के परिवार ने कहा कि पीएम अपना विदेश दौरा रद्द ना करें।
मई 2018 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन
बता दें कि अरुण जेटली लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। बीमारी की वजह से वे 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद मोदी कैबिनेट में शामिल नहीं हुए। अरुण जेटली का 14 मई 2018 में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS)में किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। इसके लिए उन्होंने अप्रैल, 2018 की शुरुआत से ही मंत्रालय आना बंद कर दिया था। इस दौरान पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभालते रहे।
सितंबर 2014 में बैरिएट्रिक ऑपरेशन
अरुण जेटली का सितंबर 2014 में बैरिएट्रिक ऑपरेशन हो चुका था। लंबे समय से मधुमेह के कारण वजन बढ़ने की समस्या के निदान के लिए यह ऑपरेशन किया गया था। यह ऑपरेशन पहले मैक्स हॉस्पीटल में हुआ था। लेकिन, बाद में कुछ दिक्कतें आने के कारण उन्हें एम्स स्थानांतरित किया गया था। कुछ साल पहले उनके हृदय का भी ऑपरेशन हुआ था।


