सुपर 30 के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार को अमेरिका में प्रतिष्ठित टीचिंग अवॉर्ड
वॉशिंगटन.
आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाली सुपर 30 के संस्थापक और प्रख्यात गणितज्ञ आनंद कुमार को अमेरिका में प्रतिष्ठित टीचिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान जरूरतमंद छात्रों को शिक्षित करने में उनके योगदान के लिए दिया गया। न्यूज एजेंसी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
कैलिफोर्निया के सैन जोस में ‘फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस’ संगठन के 25 साल पूरे होने पर सप्ताह के अंत में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें आनंद कुमार ‘द एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2019’ से नवाजे गए। इस मौके पर आनंद ने कहा कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने से वैश्विक स्तर पर बड़ा बदलाव आएगा। इससे गरीबी, बेरोजगारी, जनसंख्या विस्फोट, पर्यावरण को नुकसान समेत अन्य समस्याओं से निपटने में मदद मिलेगी।
शिक्षा से बेहतर कोई उपहार नहीं: आनंद
आनंद कुमार ने कहा कि आज भारतवंशी अमेरिका समेत दुनियाभर में अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रहे हैं। शिक्षा से बेहतर कोई उपहार नहीं हो सकता। मौजूदा समय में खालीपन बढ़ता जा रहा है और इसे शिक्षा से ही भरा जा सकता है। हाल में आनंद कुमार के जीवन पर फिल्म सुपर 30 रिलीज हुई थी। इसमें ऋतिक रोशन आनंद कुमार की भूमिका में थे।

