सावधान सोशल मीडिया पर विदेशी महिलाएँ युवाओं का दाेस्त बनाकर ठग रही हैं रुपए

सोशल मीडिया के जरिए रोजाना ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इन दिनों विदेशी महिलाएं सोशल मीडिया पर युवाओं को दोस्त बनाकर रुपये ऐंठ रही हैं। पिछले दो महीनों में भारत में ऐसी ठगी के करीब 10 केस सामने आ चुके हैं। साथ ही पुलिस साइबर क्राइम रोकने के लिए अलग से एसआईटी गठित कर रही है। पुलिस की अब तक की जांच से पता चला है कि सोशल मीडिया पर विदेशी महिलाएं या उनके नाम से शातिर ठग युवाओं को वाट्सअप व फेसबुक पर पहले फ्रेंड्स रिक्वेस्ट भेजते हैं। फिर विदेशी महिलाएं युवाओं को अपनी फोटो भेजती हैं। जब उन्हें लगता है कि युवक उनके रूप जाल में फंस गया है और नजदीकियां बढ़ाना चाहता है तो खुद को मुसीबत में फंसा हुआ बताकर मदद के नाम पर रकम अपने खाते में मंगवा लेती हैं। इसके बाद महिलाएं उन्हें ब्लॉक कर देती हैं।
केस-1ः रोहतक की जनता कॉलोनी निवासी सुरेश ने बताया कि उसके पास व्हाट्सएप पर लीजा रोनिया के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। स्वीकारने के बाद उसने मुझसे बात करनी शुरू कर दी। सोलह दिन मुझसे बात की और दिल्ली आकर मिलने को कहा। एक दिन उसने अपनी फ्रेंड का एक्सीडेंट होने की बात कही और विश्वास में लेकर 40 हजार रुपये खाते में जमा करवा लिए। दो दिन बाद फिर 20 हजार की मांग की। वह भी उसके अकाउंट में डलवा दिए। रुपये डलवाने के बाद से ही उसने मुझे फोन व व्हाट्सएप से ब्लॉक कर दिया।
केस-2ः बंलभा गांव के रहने वाले जयदीप के पास व्हाट्सएप पर ही मैसेज आया और उसके पास विदेशी महिला ने अपने फोटो भेज दिए। कुछ दिन तक तो जयदीप ने ज्यादा बात नहीं की लेकिन महिला ने जयदीप को बातों में फंसा लिया। एक महीने बाद कहा कि मैं आपसे मिलने आ रही हूं। यहां से मुंबई आने के लिए 30 हजार रुपये की कमी है, आप मेरे अकाउंट में भिजवा दो। उसने मुझे कैनरा बैंक का अकाउंट नंबर दे दिया, मैंने उसके अकाउंट में रुपये डलवा दिए। रुपये डलवाने के बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया तो ठगी का पता चला।
केस-3ः बोहर निवासी सतपाल के पास फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद उसके पास कॉल आई कि फ्रिजा बोल रही हूं। उसके साथ करीब 24 दिन बातें होती रही। इस दौरान उसने उससे 55 हजार रुपये मांगे। कहा कि मां की तबीयत खराब है, मैं बाद में लौटा दूंगी। उसकी बातों में आकर उसके अकाउंट में राशि डलवा दी। दो महीने हो चुके आज तक उसका कोई रिस्पांस नहीं आया है।
केस-4ः सेक्टर एक निवासी राजीव ने बताया कि उसके पास एक महीने पहले फोन आया और अपने आप को विदेश की बताकर बात करती थी। उसने मुझे झांसे में लेकर अपने खाते में 65 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। कहा कि मैं आपसे मिलने दिल्ली आ रही हूं। कुछ देर बाद दोबारा फोन आया कि बेटे की तबीयत ज्यादा खराब है अभी 65 हजार रुपये खाते में डलवा दो। बाद में फोन किया तो एक युवक ने फोन उठाकर दस लाख रुपये की मांग की।

