Sat. May 30th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

सिद्धार्थ राय कपूर के साथ परिणय सूत्र में बंधीं विद्या बालन

 

‘कहानी’, ‘परिणिता’ ‘पा’ और ‘द डर्टी पिक्चर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से फिल्मी दुनिया में एक अलग छाप छोड़ने बॉलीवुड अदाकारा विद्या बालन 14 दिसम्बर को यूटीवी के प्रमुख सिद्धार्थ राय कपूर के साथ एक निजी समारोह में परिणय सूत्र में बंध गईं। विवाह समारोह में पंजाबी और तमिल परंपराएं देखने को मिलीं।

सिद्धार्थ राय कपूर के साथ परिणय सूत्र में बंधीं विद्या बालन

मुंबई में बांद्रा स्थित भव्य सजावट वाले ग्रीन माइल बंगले में वर-वधू पक्ष के रिश्तेदारों की मौजूगी में आज सुबह करीब एक घंटे से अधिक समय तक शादी से संबंधित रस्में चलीं।

विद्या के करीबी एक सूत्र ने कहा, ‘‘विवाह समारोह में पंजाबी और तमिल दोनों परंपराओं का मिश्रण था। भोज में दक्षिण भारतीय व्यंजन पेश किए गए।’’ अदाकारा ने विवाह समारोह के दौरान तीन बार परिधान बदले। गुलाबी रंग के ब्लाउज के साथ पीले रंग की साड़ी दूल्हे के पीले कुर्ते तथा गुलाबी पगड़ी के रंग से मिलती-जुलती थी ।

समारोह के खत्म होने पर नवविवाहित दंपति बाहर आया और फोटो खिंचवाएं। इस दौरान विद्या ने लाल साड़ी और सोने के आभूषण पहन रखे थे। विद्या ने मेंहदी से रचा हाथ मीडिया के समक्ष लहराया।

शादी से संबंधित रस्में 11 दिसंबर को शुरू हुई थीं। उस दिन रात्रि भोज का कार्यक्रम हुआ। 12 दिसंबर को मेहंदी की रस्म अदा की गई। खबर है कि रिसेप्शन चेन्नई में होगा।

विद्या की शादी पर बॉलीवुड के उनके मित्रों ने ट्विटर पर उन्हें बधाई दी। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, ‘‘मेरे मित्र सिद्धार्थ राय कपूर और विद्या बालन आपको बधाई। दोनो ही बहुत सुंदर लग रहे हैं..मैं उनके हमेशा खुश रहने की कामना करती हूं।’’ फिल्मकार मधुर भंडारकर ने भी नवविवाहित जोड़े को बधाई दी।

सिद्धार्थ के साथ अपने संबंधों की खबरों की कभी भी पुष्टि नहीं करने वाली विद्या अपनी शादी को लेकर भी चुप रहीं और समारोह को हरसंभव तौर पर निजी रखने की कोशिश की गई ।

केरल में जन्मी और मुम्बई में बड़ी हुई 34 वर्षीय विद्या ने 2005 में अपनी पहली फिल्म ‘परिणीता’ के साथ बॉलीवुड में प्रवेश किया था।

Enhanced by Zemanta

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *