ड्रग्स मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती न्यायिक हिरासत छह अक्तूबर तक बढ़ी
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े ड्रग्स मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती न्यायिक हिरासत छह अक्तूबर तक बढ़ गई है। विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने रिया की न्यायिक हिरासत को छह अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। वहीं, रिया और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती ने बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर कल सुनवाई होगी। इससे पहले, 11 सितंबर को मुंबई की एक विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने रिया, शौविक और चार अन्य की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
सुशांत सिंह मामले में ड्रग्स से जुड़े तारों की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने रिया चक्रवर्ती को आठ सितंबर को गिरफ्तार किया था। इससे पहले, उनसे कई दौर की पूछताछ हुई थी। बता दें कि अगर रिया चक्रवर्ती इस मामले में दोषी करार दी जाती हैं, तो उन्हें 10 साल जेल में गुजारने पड़ सकते हैं।


