चार बूँदे सहमति के पास आमरण अनशन स्थगित
काठमांडू, भादव ७ – हुलाकी राजमार्ग अन्तर्गत सिरहा और धनुषा को जोड़ने वाली कमला नदी पर नये कमला पुल निर्माण संघर्ष समिति और मधेश प्रदेश सरकार के बीच चार बूँदे सहमति हुई है । वार्ता में चार बूँदे सहमति होने के बाद समिति ने अपना आमरण आन्दोलन स्थगित कर दिया है ।
समिति के प्रतिनिधि और मधेश प्रदेश सरकार के बीच हुए वार्ता में नये कमला पुल का निर्माण कार्य तत्काल शुरु करने की सहमति हुई है । साथ ही इस बात की भी सहमति हुई है कि प्रदेश सरकार आगामी आर्थिक वर्ष २०८२ – ०८३ के वार्षिक बजट में संघ सरकार से आवश्यक बजट की व्यवस्था का प्रयास करेगी, यदि संघ सरकार से बजट उपलब्ध नहीं करा सकी तो फिर सम्पूर्ण खर्च मधेश प्रदेश सरकार करेगी ।
इसके अलावे पुल निर्माण के लिए आवश्यक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए २०८१ मंसिर १ के भीतर ही आह्वान करने की सहमति हुई है । इसके साथ ही संघर्ष समिति ने अपने सभी कार्यक्रमों को आज से स्थगित कर दिया है ।
सहमति पत्र में मुख्यमन्त्री सतिशकुमार सिंह और संघर्ष समिति के संयोजक इंजीनियर प्रवीण यादव ने हस्ताक्षर किया है । गत भादव ४ गते से संघर्ष समिति के संयोजक इंजीनियर यादव के नेतृत्व में १० लोग आमरण अनशन में थे ।

