अगर राजावादी एक लाख लोग लाते हैं, तो हम एक करोड़ लाएंगेः प्रचंड

काठमांडू, २८ मार्च । माओवादी केंद्र के अध्यक्ष पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने तीनकुने में राजावादी प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि हम अपने भीतर लगी धूल झाड़कर आगे बढ़ेंगे । जनता के बीच जाकर विशाल जनसमर्थन लेकर आएंगे, लेकिन मण्डले (राजावादी) गुण्डागर्दी को छूट नहीं दी जाएगी ।
काठमांडू के भृकुटीमंडप में आयोजित समाजवादी मोर्चा की सभा को संबोधित करते हुए प्रचंड ने आगे कहा कि वे जनता का व्यापक समर्थन लेकर आगे बढ़ेंगे और गुण्डागर्दी को बर्दाश्त नहीं करेंगे । उन्होंने राजतंत्र को सामंती अवशेष बताते हुए इसे सड़कों से ही जवाब देने की चेतावनी दी ।
प्रचण्ड ने कहा– ‘माओवादी जनयुद्ध के कमांडर की हैसियत से मैं कहता हूँ कि अभी शांतिपूर्ण क्रांति की जरूरत है । अगर वे (राजावादी) एक लाख लोग सड़क पर लाते हैं, तो हम एक करोड़ लाकर सड़कों से ही जवाब देंगे ।’

