त्रिवि दीक्षान्त समारोह में १६ हजार विद्यार्थी दीक्षित
काठमाडौं, २५ दिसम्बर । त्रिभुवन विश्वविद्यालय के ५१वें दीक्षांत समारोह में आज १६ हजार ३०० से अधिक विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई । समारोह में प्रधानमंत्री एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति सुशीला कार्की सहित शैक्षिक क्षेत्र के वरिष्ठ व्यक्तियों ने विद्यार्थियों के दीक्षित होने की घोषणा की ।
विश्वविद्यालय से स्नातक, स्नातकोत्तर, दर्शनाचार्य और पीएचडी स्तर सहित कुल ८९ हजार १०१ विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं । दशरथ रंगशाला में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार नोबेल पुरस्कार विजेता जापानी प्रोफेसर ताकाआकी काजिता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम में सहकुलपति एवं शिक्षा, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्री महावीर पुन सहित विभिन्न प्राज्ञों की भी उपस्थिति रही । विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीपक अर्याल ने विश्वविद्यालय के क्रमिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ने की बात कहते हुए दीक्षित विद्यार्थियों को बधाई दी ।

