Fri. Jun 26th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया

 

हिमालिनी डेस्क, काठमांडू, 26 जनवरी, 2026 । नेपाल में रहने वाले भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों की भागीदारी के साथ  जनवरी  26 में  काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में भारत का 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव थे ।

कार्यक्रम का उद्घाटन नेपाल में भारतीय   कार्यवाहक राजदूत डॉ. राकेश पांडे ने किया, जिन्होंने भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया । इसके बाद, 77 वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्र को दिए गए संबोधन का एक वीडियो प्रस्तुत किया गया । इस अवसर पर, कार्यवाहक राजदूत पांडे ने भारतीय सशस्त्र बलों के दिवंगत सैनिकों की पत्नियों और परिजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की और 7 करोड 20 लाख  रुपये के एजीआईएफ (आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड) चेक सौंपे ।

इस कार्यक्रम में एक वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें पिछले एक वर्ष में भारत – नेपाल संबंधों में हुई महत्त्वपूर्ण  प्रगति को उजागर किया गया । इस अवसर पर दूतावास स्थित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के छात्रों और शिक्षकों के साथ – साथ नेपाली कलाकारों ने नृत्य और संगीत प्रस्तुतियां दीं । इसी प्रकार, भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम का बिहू नृत्य भी इस अवसर पर प्रस्तुत किया गया । बिहू नृत्य असम का सबसे लोकप्रिय और पारंपरिक लोकनृत्य है l यह नृत्य तेज ताल पर किया जाता है l बिहू नृत्य समूह में, विशेषकर सामुदायिक कार्यक्रमों और विभिन्न अवसरों में किया जाता है l

यह भी पढें   प्रैंक वीडियो बनाने के नाम पर एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

भारत, जिसे 15 अगस्त, 1947 को स्वतंत्रता प्राप्त हुई, ने 26 जनवरी, 1950 को अपने संविधान को लागू करके एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्रात्मक राष्ट्र घोषित किया । इसलिए, गणतंत्र दिवस हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है । 26 जनवरी वह दिन है जब भारत ने खुद को पूर्ण रूप से स्वशासित राष्ट्र घोषित किया । 15 अगस्त 1947 को  भारत आजाद जरूर हुआ, लेकिन तब तक भारत के पास अपना संविधान नहीं था । असली आज़ादी तब पूरी हुई जब भारत  अपने बनाए कानूनों से चलने लगा । यही वजह है कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने संविधान को अपनाकर खुद को संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया ।

यह भी पढें   वेनेजुएला भूकंप – मृतकों की संख्या १८८ , १५ सौ से ज्यादा घायल

गणतंत्र दिवस का भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक महत्त्व  है । यह भारतीयों के स्वतंत्रता और आत्मनिर्णय के लिए लंबे और कठिन संघर्ष की परिणति का प्रतीक है । 1857 के विद्रोह से लेकर असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन तक, पीढ़ियों से भारतीयों ने एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक भारत के सपने के लिए संघर्ष किया और बलिदान दिए । गणतंत्र दिवस की जड़ें केवल 1950 में नहीं, बल्कि उस लंबे स्वतंत्रता संग्राम में हैं, जो बलिदानों से सींचा गया । मंगल पांडे की चिंगारी, रानी लक्ष्मीबाई का साहस, भगत सिंह का बलिदान, चंद्रशेखर आज़ाद का स्वाभिमान और महात्मा गांधी का सत्य व अहिंसा का मार्ग—इन सभी ने भारत को केवल आज़ाद ही नहीं किया, बल्कि एक नैतिक राष्ट्र के रूप में खड़ा किया ।  गणतंत्र दिवस भारत की राष्ट्रीय यात्रा में एक महत्त्वपूर्ण  मील का पत्थर है । यह हर  वर्ष  26 जनवरी को मनाया जाने वाला एक ऐसा दिन है, जिसे हर भारतवासी पूरे उत्साह, जोश और सम्मान के साथ मनाता है । राष्ट्रीय पर्व होने के नाते इसे हर धर्म, संप्रदाय और जाति के लोग मनाते हैं ।

यह भी पढें   रास्वपा महाधिवेशन – उम्मीदवारों के प्रस्तावकों और समर्थकों के लिए नियम सार्वजनिक

इस कार्यक्रम में गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल, विभिन्न पार्टियों के शीर्ष नेता, राजनयिक निकायों के प्रतिनिधि, प्रोफेसर और विभिन्न संघों और संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *