Wed. Jul 15th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

सप्तरी से पर्सा तक ही नहीं, मेची से महाकाली तक तराई मधेश का भूभाग है : उपेन्द्र यादव

 

सप्तरी से संघीय समाजवादी फोरम के अध्यक्ष ने प्रतिनिधि सभा के लिए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई है । जीत के बाद उनकी धारणा उनके ही शब्दों में —

निर्वाचन परिणाम को आप किस रूप में देख रहे हैं ?

यह जीत मेरी जीत से अधिक मधेश के ऐजेन्डा की जीत है । मधेशवादी दल और उनके नेताओं को लक्षित कर के हमेशा कहा गया कि इनके साथ मधेश की जनता नहीं है, उनके लिए यह जीत जवाब है । वो देखें कि समग्र मधेश की आकांक्षा क्या है, और वहाँ की जनता क्या चाहती है ? उन्हें यह समझना होगा कि मधेश की जनता आज भी मधेश मुद्दों का सम्बोधन चाह रही है और उसे स्थापित होते देखना चाहती है इस परिणाम ने यह जता दिया है । वैसे विपक्षी ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी मधेशी जनता को दिग्भ्रमित करने का, पैसा, पावर और जातीयता की आग फैलाने की पूरी कोशिश के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिली । जातिवाद, इलाकावाद, क्षेत्रवाद सारे नारे विफल हो गए । इन सारी संकीर्णताओं से परे होकर मधेश की जनता ने अपने मत का सदुपयोग किया है । इस मर्म को विपक्षियों को समझना होगा ।

आपको टुरिस्ट उम्मीदवार कहा गया और अब भी यह अटकलें लग रही हैं कि आप सप्तरी छोडकर जाएँगे ?

यह भी पढें   जनता के धैर्य की परीक्षा न ले सरकार, तुरंत बदले अपनी कार्यशैली : राजेन्द्र महतो

किसी किसी को भ्रम की बिमारी लगी हुई है । अभी तो ठीक से आया भी नहीं हूँ और जाने की बात करने लगे हैं । ऐसे आरोपों का क्या जवाब दूँ जिसका कोई बुनियाद नहीं है । जहाँ तक टुरस्टि उम्मीदवार की बात है तो इसका जवाब अब मैं क्या दूँ यह तो सप्तरीवासियों ने दे दिया है । और उनके इस विश्वास में कहीं कोई कमी नहीं आई है ऐसा मुझे विश्वास है ।

वाम गठबन्धन बहुमत प्राप्त कर चुका है, क्या संविधान संशोधन होगा ?

संविधान त्रुटिपूर्ण है इस बात को सबने स्वीकार किया है । राज्यपुनरसंरचना शासकीय स्वरुप आदि कई विषय विवादित और त्रुटिपूर्ण हैं यह सभी मान चुके हैं चाहे वो वाम हों या कोई और । आगे की चुनौती संविधान संशोधन है जिसे कर के संविधान को सर्वस्वीकार्य बनाना है और इसके लिए सभी राजनीतिक शक्ति को उदारता के साथ राजनीतिक शक्ति दिखानी होगी । संविधान संशोधन के विषय में सभी राजनीतिक दल उदारता दिखाएँगे इसमें मैं आश्वस्त हूँ । हमारे लिए संविधान संशोधन अभी का सबसे प्रमुख ऐजेंडा है । अगर यह नहीं हुआ तो जनता किसी और रास्ते को अपनाने के लिए बाध्य होगी ।

आगे की रणनीति क्या होगी ?

सप्तरी से पर्सा तक का आठ जिला ही मधेश नहीं है । मेची से महाकाली तक तराई मधेश का भूभाग है । इसको राजनीतिक आग्रह पूर्वाग्रह के आधार में अपव्याख्या नहीं की जा सकती है । यह आठ जिला मधेशी जनता का आधार क्षेत्र है । इसी आधार क्षेत्र का साथ लेकर अन्य स्थानों में रहे मधेशी के साथ ही अन्य उत्पीडि़त वर्ग समुदाय के माँग और मुद्दाें को सम्बोधन कराने के लिए पहल किए जाएँगे और इसमें यह क्षेत्र नेतृत्व के साथ महत्तवपूर्ण भूमिका खेलेगा । वर्तमान राज्य पुनर्संरचना का खाका एकदम गलत है । इसमेंं सुधार करना ही होगा । अगर ऐसा नहीं हुआ तो संघीयता प्रणाली सुदृढ नहीं हो पाएगी । देश के हित में राज्यपुनर्संरचना आयोग द्वारा दिए गए दस प्रदेश के खाका को संघीयता में रुपान्तरण करना ही देश के लिए सर्वोत्तम राह है । किन्तु व्यक्तिगत अहंकार जातीय असहिष्णुता और नश्लवादी चिन्तन जैसी संकीर्ण सोच से इस देश का हित कभी नहीं होगा ।

यह भी पढें   फीफा विश्वकप – स्पेन पहुँचा सेमिफाइनल में

सप्तरी के विकास के लिए आपने जो चुनावी प्रतिबद्धता व्यक्त की है उसे कैसे सम्बोधन करेंगे ?

कठमान्डौ में रहने वाले शासक की पूर्वाग्राही सोच सप्तरी ही नहीं पूरे मधेश के विकास में अवरोधक है । इसे बदलना होगा । इसका बदलना ही यहाँ के लिए विकास की राह तय करेगा । जनता ने जो मुझ पर विश्वास किया है उसके बाद निश्चय ही इस क्षेत्र के विकास में प्रयासरत रहना मेरा दायित्व बनता है । इस क्ष्ोत्र का जरुर विकास होगा । प्रादेशिक चुनाव सम्पन्न हो चुका है और अब प्रदेश सरकार का गठन होगा जो निश्चित तौर पर विकास की गति को आगे बढ़ाएगा ।

यह भी पढें   विवेक मंडल की अवस्था चिंताजनक

आप अपने क्षेत्र के विकास के लिए किस विषय को प्राथमिकता देंगे ?

सप्तरी निर्वाचन क्षेत्र नम्बर दो के साथ समग्र सप्तरी हर वर्ष बाढ़ की पीड़ा को झेलता है । सड़क की अवस्था दयनीय है, सिचाई की अवस्था जीर्ण है, देश का सबसे पुराना विमानस्थल राजविराज पिछले दो दशकों से बन्द है, स्वास्थ्य, शिक्षा सभी क्षेत्र में सप्तरी पीछे है । मानव विकास के सूचकांक की दृष्टि से भी अत्यन्त पिछडा हुआ है । देश में सबसे अधिक गरीबी, अशिक्षा , बेरोजगारी, कम आय स्रोत का आँकडा विभिन्न तथ्याँकों के माध्यम से सामने आता रहा है । इन सारी समस्याओं का समाधान किसी एक के प्रयास से सम्भव नहीं है पर मैं यह विश्वास दिलाना चाहँुगा कि इन समस्याओं के समाधान और सप्तरी के विकास के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूँगा और नेतृत्वदायी भूमिका का निर्वाह करुँगा । साभार सप्तरी जागरण से

 

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *