Mon. Jun 8th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

चीन ने मृतकों की संख्या में किया संशोधन मरने वालाें की संख्या 4632 बताई

 

बीजिंग, एजेंसियां।

कोरोना महामारी से जुड़े वास्तविक आंकड़े छिपाने को लेकर हो रही आलोचना के बीच चीन ने मृतकों की संख्या में संशोधन किया है। चीन ने महामारी के केंद्र वुहान शहर में मृतकों की संख्या में 1290 का इजाफा किया है। इससे देश में कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या 4632 हो गई है।

संशोधित आंकड़ों के बाद अकेले वुहान में हुई 3869 मौतें, संक्रमित लोगों की संख्या 50,333 पहुंची

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मामलों और मौत के आंकड़े को संशोधित किया है। वुहान में 16 अप्रैल तक संक्रमित मामलों में 325 की बढ़ोतरी हुई है। इससे संक्रमित लोगों की संख्या 50,333 हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने के बाद अकेले वुहान में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 3869 हो गई है। इससे देश में कोरोना से मौतों की संख्या भी 4,632 हो गई है। वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने एक अधिसूचना में कहा, ये संशोधन संबंधित नियम-कानूनों, इतिहास, लोगों और मृतकों के प्रति जिम्मेदार होने के सिद्धांत के अनुसार किए गए हैं।

यह भी पढें   एमाले के नेता एवं पूर्व सांसद मंगलप्रसाद गुप्ता जी का निधन

चीन ने स्वीकारा, मौत का कारण जानने में हुई गलती, कोरोना को छिपाने की कोशिश नहीं की

चीन ने स्वीकार किया है कि कई मामलों में मौत का कारण जानने में गलती हुई या कई मामलों का पता ही नहीं चल पाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा, हमने कभी भी कोरोना महामारी के प्रकोप को छिपाने की कोशिश नहीं की। वुहान में हताहतों की सही संख्या का पता लगाने के लिए सांख्यिकी सत्यापन का प्रयोग किया गया है। इतनी बड़ी महामारी के आंकड़ों में संशोधन एक सामान्य अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई वैश्विक नेताओं ने चीन के महामारी से जुड़े आंकड़ों पर सवाल उठाया था।

यह भी पढें   उपेंद्र यादव के जसपा विभाजन मामले की सुनवाई समाप्त

देश में संक्रमण के 26 नए मामले

राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने शुक्रवार को कहा कि देश में संक्रमण के 26 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 15 विदेश से आए नागरिक शामिल हैं। 1,081 मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है और 77,944 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। 66 ऐसे लोगों का भी पता चला है जो वायरस से संक्रमित तो हैं, लेकिन उनमें लक्षण नहीं दिखाई दे रहे।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *