Mon. Jun 1st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें himalini-sahitya

परसाई जी मुख्यतः व्यंग्य लेखक थे, किंतु उनका व्यंग्य केवल मनोरंजन के लिए नहीं है : श्वेता दीप्ति

 

पुण्यतिथि विशेष

सीधे कलेजे में उतर जाते हैं परसाई के ...

हरिशंकर परसाई का जन्म 22 अगस्त, 1922 को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद ज़िले में ‘जमानी’ नामक गाँव में हुआ था। गाँव से प्राम्भिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे नागपुर चले आये थे। ‘नागपुर विश्वविद्यालय’ से उन्होंने एम. ए. हिंदी की परीक्षा पास की। कुछ दिनों तक उन्होंने अध्यापन कार्य भी किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्र लेखन प्रारंभ कर दिया। उन्होंने जबलपुर से साहित्यिक पत्रिका ‘वसुधा’ का प्रकाशन भी किया, परन्तु घाटा होने के कारण इसे बंद करना पड़ा। हरिशंकर परसाई जी ने खोखली होती जा रही हमारी सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था में पिसते मध्यमवर्गीय मन की सच्चाइयों को बहुत ही निकटता से पकड़ा है। उनकी भाषा-शैली में ख़ास किस्म का अपनापन है, जिससे पाठक यह महसूस करता है कि लेखक उसके सामने ही बैठा है।

उनके व्यंग्यों में जिंदगी का फलसफा छिपा है। कोई भी साहित्यकार उनकी रचनाओं को आत्मसात किए बिना अच्छा व्यंग्यकार नहीं बन सकता। उनके बाद कितने ही रचनाकार व्यंग्य विधा में आए पर उन्हें छू नहीं पाए। हिंदी के पहले रचनाकार हैं जिन्होंने व्यंग्य को विधा दर्जा दिलाया। वे उसे हल्के-फुल्के मनोरंजन की परम्परागत परिधि से उबारकर समाज के व्यापक प्रश्नों से जोड़ा। उनकी व्यंग्य हमारे मन में गुदगुदी ही पैदा नहीं करती, बल्कि उन सामाजिक वास्तविकताओं को आमने-सामने खड़ा करती है जिनसे किसी भी व्यक्ति का अलग रह पाना लगभग असंभव है। उनके व्यंग्य युवाओं को प्रेरित करते हैं। इसलिए छात्रों और युवाओं को उनकी कृतियां और रचनाएं जरूर पढना चाहिए। समाज की अच्छाइयों को उजागर किया परसाई ने समाज को बहुत ही बारीकी से समझा। उन्होंने खोखली होती जा रही हमारी सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था में पिसते मध्यमवर्गीय मन की सच्चाइयों को बहुत ही निकटता से पकड़ा। लेखनी के माध्यम से उनकी समस्याओं को उजागर किया। उनकी भाषा शैली में खास किस्म का अपनापन रहा। परसाई ने अपने व्यंग्य द्वारा मौजूदा व्यवस्था, समाज और सत्ता सभी पर निशाना साधा।

यह भी पढें   भारत ने ही नहीं, नेपाल द्वारा भी भारत की कुछ जमीन पर अतिक्रमण : प्रम शाह

हरिशंकर परसाई जबलपुर-रायपुर से निकलने वाले अख़बार ‘देशबंधु’ में पाठकों द्वारा पूछे जाने वाले उनके अनेकों प्रश्नों के उत्तर देते थे। अख़बार में इस स्तम्भ का नाम था- “पूछिये परसाई से”। पहले इस स्तम्भ में हल्के इश्किया और फ़िल्मी सवाल पूछे जाते थे। धीरे-धीरे परसाईजी ने लोगों को गम्भीर सामाजिक-राजनीतिक प्रश्नों की ओर भी प्रवृत्त किया। कुछ समय बाद ही इसका दायरा अंतर्राष्ट्रीय हो गया। यह सहज जन शिक्षा थी। लोग उनके सवाल-जवाब पढ़ने के लिये अख़बार का बड़ी बेचैनी से इंतज़ार करते थे।

हरिशंकर परसाई की भाषा में व्यंग्य की प्रधानता है। उनकी भाषा सामान्य और सरंचना के कारण विशेष क्षमता रखती है। उनके एक-एक शब्द में व्यंग्य के तीखेपन को स्पष्ट देखा जा सकता है। लोकप्रचलित हिंदी के साथ-साथ उर्दू, अंग्रेज़ी शब्दों का भी उन्होंने खुलकर प्रयोग किया है। परसाईजी की अलग-अलग रचनाओं में ही नहीं, किसी एक रचना में भी भाषा, भाव और भंगिया के प्रसंगानुकूल विभिन्न रूप और अनेक स्तर देखे जा सकते हैं। प्रसंग बदलते ही उनकी भाषा-शैली में जिस सहजता से वांछित परिवर्तन आते-जाते हैं, और उससे एक निश्चित व्यंग्य उद्देश्य की भी पूर्ति होती है, उनकी यह कला, चकित कर देने वाली है। परसाईजी की एक रचना की यह पंक्तियाँ कि- ‘आना-जाना तो लगा ही रहता है। आया है, सो जाएगा’- ‘राजा रंक फ़कीर’ में सूफियाना अंदाज है, तो वहीं दूसरी ओर ठेठ सड़क–छाप दवाफरोश की यह बाकी अदा भी दर्शनीय है- “निंदा में विटामिन और प्रोटीन होते हैं। निंदा ख़ून साफ करती है, पाचन-क्रिया ठीक करती है, बल और स्फूर्ति देती है। निंदा से मांसपेशिया पुष्ट होती हैं। निंदा पायरिया का तो शर्तिया इलाज है।”

यह भी पढें   उपकार सेवा नेपाल द्वारा वृद्ध-वृद्धा, माता-पिता तथा बालबालिकाओं के लिए उपयोग की सामग्री वितरण

संतों का प्रसंग आने पर हरिशंकर परसाई का शब्द वाक्य-संयोजन और शैली, सभी कुछ एकदम बदल जाता है, जैसे- “संतों को परनिंदा की मनाही होती है, इसलिए वे स्वनिंदा करके स्वास्थ्य अच्छा रखते हैं। मो सम कौन कुटिल खल कामी- यह संत की विनय और आत्मस्वीकृति नहीं है, टॉनिक है। संत बड़ा काइंयां होता है। हम समझते हैं, वह आत्मस्वीकृति कर रहा है, पर वास्तव में वह विटामिन और प्रोटीन खा रहा है।” एक अन्य रचना में वे “पैसे में बड़ा विटामिन होता है” लिखकर ताकत की जगह ‘विटामिन’ शब्द से वांछित प्रभाव पैदा कर देते हैं, जैसे बुढ़ापे में बालों की सफेदी के लिए ‘सिर पर कासं फूल उठा’ या कमज़ोरी के लिए ‘टाईफाइड ने सारी बादाम उतार दी।’ जब वे लिखते हैं कि ‘उनकी बहू आई और बिना कुछ कहे, दही-बड़े डालकर झम्म से लौट गई’ तो इस ‘झम्म से’ लौट जाने से ही झम्म-झम्म पायल बजाती हुई नई-नवेली बहू द्वारा तेजी से थाली में दही-बड़े डालकर लौटने की समूची क्रिया साकार हो जाती है। एक सजीव और गतिशील बिंब मूर्त्त हो जाता है। जब वे लिखते हैं कि- ‘मौसी टर्राई’ या ‘अश्रुपात होने लगा’ तो मौसी सचमुच टर्राती हुई सुन पड़ती है और आंसुओं की झड़ी लगी नजर आती है। ‘टर्राई’ जैसे देशज और ‘अश्रुपात’ जैसे तत्सम शब्दों के बिना रचना में न तो यह प्रभाव ही उत्पन्न किया जा सकता था और न ही इच्छित व्यंग्य।

यह भी पढें   भारत से कीमत घटकर आने पर भी नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं

अपनी हास्य व्यंग्य रचनाओं से सभी के मन को भा लेने वाले हरिशंकर परसाई का निधन 10 अगस्त, 1995 को जबलपुर, मध्य प्रदेश में हुआ। परसाई जी मुख्यतः व्यंग्य लेखक थे, किंतु उनका व्यंग्य केवल मनोरंजन के लिए नहीं है। उन्होंने अपने व्यंग्य के द्वारा बार-बार पाठकों का ध्यान व्यक्ति और समाज की उन कमज़ोरियों और विसंगतियों की ओर आकृष्ट किया था, जो हमारे जीवन को दूभर बना रही हैं। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं शोषण पर अपनी व्यंग रचनाओं के माध्यम से करारे प्रहार किए हैं। उनका हिन्दी व्यंग साहित्य अनूठा है। परसाईजी अपने लेखन को एक सामाजिक कर्म के रूप में परिभाषित करते थे। उनकी मान्यता थी कि सामाजिक अनुभव के बिना सच्चा और वास्तविक साहित्य लिखा ही नहीं जा सकता। हरिशंकर परसाई ने हिन्दी साहित्य में व्यंग विधा को एक नई पहचान दी और उसे एक अलग रूप प्रदान किया, जिसके लिए हिन्दी साहित्य उनका हमेशा ऋणी रहेगा।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

1 thought on “परसाई जी मुख्यतः व्यंग्य लेखक थे, किंतु उनका व्यंग्य केवल मनोरंजन के लिए नहीं है : श्वेता दीप्ति

  1. व्यंग्य विधाके मूर्धन्य विद्वान अौर उत्कृष्ट साहित्यकार की लेख एवम् रचनायें स्वयंमें अद्वितीय रही हैं जिनकी काेई सानी नही है। उनके जीवनीपर इस सुन्दर आलेखके लिये साधुवाद ।🙏

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *