Fri. Jun 26th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

कोरोना का दर्द देने वाला अब उस पर मरहम लगाने निकला

 

दुनिया को कोरोना का दर्द देने वाला चीन अब उस पर मरहम लगाने निकला है। कोरोना के खिलाफ जंग में चीन ने अपने साथ पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका को शामिल किया है। कोरोना को हराने और अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्धेश्य से चीन ने इन देशों के साथ एक संयुक्त बैठक की है। बताया जा रहा है कि चीन ने कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार को पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के साथ एक उप-मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी की। इस संबंध में इसी तरह की पहली बैठक जुलाई में आयोजित की गई थी जिसमें पाकिस्तान, नेपाल और अफगानिस्तान के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। चीन के उप विदेश मंत्री लुओ झाओहुई ने इस डिजिटल बैठक की मेजबानी की।
चीनी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘कोविड-19 को संयुक्त रूप से पराजित करने, लोगों का जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करने और आर्थिक और सामाजिक विकास में तेजी लाने के लिए चीन, बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका ने 10 नवंबर को कोविड-19 पर एक उप-मंत्रिस्तरीय डिजिटल सम्मेलन किया।’
बयान में कहा गया है कि पांचों देशों ने कोविड​​-19 से संयुक्त रूप से लड़ने पर राजनीतिक सहमति को मजबूत करने, कोरोना वायरस पर अंकुश के लिए सहयोग बढ़ाने और लोगों की आवाजाही तथा आर्थिक विकास बहाल करने पर विस्तृत चर्चा की। कोरोना वायरस पर दक्षिण एशियाई क्षेत्र को शामिल करते हुए चीन द्वारा आयोजित यह दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक थी। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और नेपाल के अपने समकक्षों के साथ जुलाई में इसी तरह की बैठक की थी।
बयान के अनुसार चीन ने कहा है कि चीन में कोविड-19 टीका विकसित और उपलब्ध होने पर वह पूरे विश्व के लिए होगा। बता दें कि चीन ही वह देश है, जहां सबसे पहले कोरोना के मामले सामने आए थे। चीन के वुहान शहर में कोरोना केस सामने आए और वहीं से पूरी दुनिया में फैला। हालांकि, करीब 70 दिनों का लॉकडाउन लगाकर चीन ने इस पर काबू पा लिया, मगर भारत समेत यूरोपीय देशों में अब भी इसका कहर देखने को मिल रहा है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *