45 तालिबानी और अलकायदा के तीन आतंकी मारे गए
काबुल, एएनआइ।
अमेरिका की तरफ से अपनी सेना को अगस्त के अंत तक वापस बुलाने के एलान के बाद से तालिबानी आतंकियों ने अफगानिस्तान में आक्रामक तरीके से कब्जे का अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, तालिबान को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के समर्थन की भी खबरें आ चुकी हैं। इस बीच अफगान वायु सेना के हवाई हमले में 48 आतंकी मारे गए हैं। इनमें 45 तालिबानी आतंकी और तीन पाक आतंकी संगठन के सदस्य शामिल हैं।
अफगान रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा, ‘अल-कायदा आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े 3 पाकिस्तानी सहित 45 तालिबान आतंकवादी कल रात लश्करगाह, हेलमंद प्रांतीय केंद्र के बाहरी इलाके में तालिबान ठिकाने पर वायु सेना द्वारा किए गए हवाई हमले में मारे गए। साथ ही, उनके हथियारों की एक बड़ी मात्रा को नष्ट कर दिया गया।’
इससे पहले शुक्रवार को हेलमंद प्रांत में तालिबान के ठिकानों पर हुए हवाई हमले में भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा के सदस्य रहे कम से कम 30 पाकिस्तानी नागरिक मारे गए थे। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि लश्करगाह शहर में हुए हवाई हमलों में अब तक कुल 112 तालिबानी आतंकवादी मारे जा चुके हैं।

