बजट पास करने के लिए एमाले की सहमति जरुरी नहीं है, द्वन्द्व भी एक विकल्प हैः प्रधानमन्त्री

काठमांडू, १४ सितम्बर । प्रधानमन्त्री शेरबहादुर देउवा ने कहा है कि बजट पास करने के लिए प्रमुख प्रतिपक्षी दल नेकपा एमाले की सहमति आवश्यक नहीं है, एमाले की सहमति बिना भी बजट पास हो सकता है । सोमबार सभामुख अग्निप्रसाद सापकोटा की पहल में आयोजित सर्वदलीय बैठक को सम्बोधन करते हुए उन्होंने ऐसा कहा है । प्रधानमन्त्री को कहना है कि बजट पास करने के लिए द्वन्द्व (जबरजस्त करना) भी एक विकल्प है ।
प्रधानमन्त्री देउवा ने कहा– ‘बजट पास करना जरुरी है । अगर एमाले सहमति में नहीं आएगी तो बजट पास करने के लिए भी द्वन्द्व में जाना पड़ेगा, यह एक विकल्प है । फिर भी वार्ता, विचार–विमर्श और सहमति के लिए गठबंधन तैयार है । उन्होंने यह भी कहा है कि आज सरकार जो समस्या झेल रही है, यही समस्या भविष्य में प्रमुख प्रतिपक्षी दल के लिए भी आ सकती है । इसीलिए सहमति में आने के लिए उन्होंने आग्रह किया ।
स्मरणीय है, भाद्र ३० गते के भीतर बजट प्रतिस्थापन विधेयक पास करना जरुरी है, यह सरकार की बाध्यता है । लेकिन प्रमुख प्रतिपक्षी दल नेकपा एमाले द्वारा संसद् बैठक अवरुद्ध होने के कारण बजट प्रतिस्पर्धापन विधेयक पास करने की सहज वातावरण नहीं है ।

