मालिक की मौत के बाद कब्र पर खाना-पीना छोड़ कर गमगीन बैठा रहा पालतू कुत्ता

डॉग्स (Dogs) को सबसे वफादार जानवर (Loyal Animal) माना जाता है. मालिक के प्रति उनकी वफादारी के कई किस्से सामने आए हैं
‘डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी तुर्की के कायमाकली जिले में रहने वाले ओमर गुवेन (Omer Guven) करीब 12 साल पहले अपनी पत्नी को खो चुके थे. उसके बाद से ही उन्होंने आवारा बिल्लियों और कुत्तों की देखभाल करना शुरू कर दिया. उन्हें इलाके में एक पशु प्रेमी के रूप में जाना जाता था.
ओमर ने 11 साल पहले एक जर्मन शेफर्ड डॉग (German Shepherd) की देखभाल शुरू की थी, जिसका नाम ‘फेरो’ (Fero) रखा था. इतने लंबे समय साथ के रहने के बाद दोनों के बीच गहरी ‘दोस्ती’ हो गई. लेकिन इस बीच 29 अक्टूबर को, ओमर बीमार हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया.
ओमर के शव को जब ताबूत में रखा गया, तो उनका वफादार कुत्ता ताबूत के पास खड़ा होकर उसकी निगरानी कर रहा था. दफनाने के बाद भी वह ओमर की कब्र के पास ही खड़ा रहा. रिपोर्ट के मुताबिक, जब सारे अपने-अपने घरों को लौट गए तब भी ‘फेरो’ कब्र के पास ही मौजूद रहा. वह कभी मिट्टी में अपना सिर रगड़ता तो कभी टकटकी लगाकर अपने मालिक की कब्र को निहारता.

