काठमांडू-गोरखपुर वातानुकूलित बस सेवा जल्द होगी शुरु
काठमांडू की यात्रा करने वाले पूर्वांचल के लोगों व पर्यटकों के लिए सुविधाजनक खबर है। काठमांडू-गोरखपुर वातानुकूलित बस सेवा जल्द शुरू हो जाएगी। नेपाल सरकार से परमिट मिलने के बाद पहली बार चार फरवरी को गोरखपुर पहुंचा नेपाल ट्रांसपोर्ट प्रतिनिधि मंडल ने बस स्टेशन परिसर का जायजा लिया।
इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने रोडवेज के अधिकारियों और कर्मचारियों से बस के खड़ा होने व रखरखाव के अलावा अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आश्वासन दिया कि 15 से 20 फरवरी के बीच काठमांडू-गोरखपुर बस सेवा शुरू हो जाएगी। फिलहाल यह सेवा अभी काठामांडू से गोरखपुर के लिए शुरू होगी। बाद में गोरखपुर से भी काठमांडू के लिए शुरु की जाएगी।
जानकारों के अनुसार अभी नेपाल ट्रांसपोर्ट ही बस सेवा शुरू करेगा। यूपी रोडवेज की गोरखपुर-काठमांडू बस सेवा विधानसभा चुनाव के बाद ही शुरू हो पाएगी। शुरुआत में नेपाल ट्रांसपोर्ट की एक वातानुकूलित बस प्रतिदिन काठमांडू से गोरखपुर के बीच चलाई जाएगी। यह बस काठमांडू से चलकर प्रतिदिन सुबह 11 बजे गोरखपुर स्टेशन पहुंचेगी। तीन घंटे रुकने के बाद अपराह्न दो बजे काठमांडू के लिए रवाना हो जाएगी। अभी किराये का निर्धारण नहीं हुआ है।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एके मिश्रा के अनुसार नेपाल ट्रांसपोर्ट प्रतिनिधि मंडल से वार्ता हुई है। नेपाल सरकार ने बस सेवा शुरू करने के लिए परमिट जारी कर दिया है। जल्द ही नेपाल ट्रांसपोर्ट की काठमांडू-गोरखपुर एसी बस सेवा शुरू हो जाएगी। चुनाव बाद यूपी रोडवेज की बस सेवा भी शुरू हो जाएगी।
गोरखपुर से काठमांडू के बीच एसी बस सेवा शुरू करने की योजना दो वर्ष पहले भी तैयार हुई थी। लेकिन लाकडाउन के चलते योजना ठंडे बस्ते में चली गई। नेपाल ट्रांसपोर्ट की सक्रियता से लग रहा है कि जल्द ही महत्वाकांक्षी बस सेवा शुरू हो जाएगी।

