वीरगंज में एमाले और लोसपा बीच चुनावी गठबंधन, सराबगी और सिंह के बीच चुनावी प्रतिस्पर्धा !

वीरगंज, २१ अप्रील । सत्ताधारी गठबंधन के बीच महानगरपालिका और उप–महानगरपालिका में चुनावी गठबंधन और भागबण्डा में सहमति होने के बाद प्रमुख प्रतिपक्षी दल नेकपा एमाले ने भी स्थानीय चुनाव को लक्षित कर राजनीतिक गतिविधि को तीव्रता दी है । ऐसे ही पृष्ठभूमि में वीरगंज महानगरपालिका में एमाले और लोकतान्त्रिक समाजवादी पार्टी (लोसपा) बीच चुनावी गठबंधन के लिए सहमति बनी है । सहमति अनुसार महानगरपालिका के मेयर पद में एमाले से और उप–मेयर पद में लोसपा से उम्मीदवारी दी जाएगी ।
आज सुबह वीरगंज में एक पत्रकार सम्मेलन करते हुए इसके संबंध में औपचारिक जानकारी दी गई है । चुनावी गठबंधन संबंधी सहमतिपत्र में नेकपा एमाले की ओर से पार्टी जिला अध्यक्ष जयप्रकाश थारु और लोसपा की ओर से पार्टी जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तमलाल झा ने हस्ताक्षर किया है । कार्यक्रम में एमाले नेता रघुवीर महासेठ, लोसपा नेता लक्ष्मणलाल कर्ण आदि नेता उपस्थित थे ।
लेकिन एमाले–लोसपा चुनावी गठबंधन होते ही लोसपा पर्सा में विवाद दिखाई दी है । लोसपा महानगर अध्यक्ष ओमप्रकाश सर्राफ समूह ने कहा है कि जिला अध्यक्ष झा तथा उनके समूह ने मनमानी रुप में एमाले को मेयर पद दिया है, जो स्वीकार्य नहीं है । उन्होंने कहा है– ‘चुनावी गठबंधन व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए हुआ है, इसमें पार्टी की कोई भी सहमति नहीं है ।’ उनका मानना है कि वीरगंज महानगरपालिका में एमाले की तुलना में लोसपा ही शक्तिशाली पार्टी है, इसीलिए लोसपा को ही मेयर पद की टिकट मिलनी चाहिए । उनकी चेतावनी है कि झा समूह द्वारा जो निर्णय हुआ है, वह स्वीकार्य नहीं है, लोसपा की ओर से मेयर पद में उम्मीदवारी दी जाएगी ।
इधर जिला अध्यक्ष झा को कहना है कि वीरगंज महानगरपालिका के लिए विजय कुमार सराबगी वर्तमान मेयर हैं, एमाले की ओर से सराबगी ही पुनः मेयर पद के प्रत्यासी हैं, जिसके चलते उनको समर्थन करने से ही लोसपा को फायदा होनेवाला है । स्मरणीय, सराबगी पुनः मेयर पद का टिकट प्राप्ति के लिए ही कुछ दिन पहले जनता समाजवादी पार्टी (जसपा) परित्याग कर एमाले में प्रवेश किया था ।
उधर सत्ताधारी गठबंधन से राजेशमान सिंह मेयर पद के प्रत्यासी हैं । सिंह भी लोसपा से ही कुछ दिन पहले जसपा में प्रवेश किए थे । सिंह को सत्ताधारी गठबंधन नेपाली कांग्रेस, नेकपा माओवादी तथा नेकपा एकीकृत समाजवादी पार्टी का समर्थन है । लगभग निश्चित हो गया है कि वैशाख ३० गते के लिए तय स्थानीय चुनाव में वीरगंज महानगरपालिका में सराबगी और सिंह बीच चुनावी प्रतिस्पर्धा होनेवाला है । लेकिन पार्टी से औपचारिक रुप में टिकट लेना बांकी है ।

