अफगानिस्तान : मस्जिद में बम धमाका, 30 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर
कुंडुज, एएनआइ।
अफगानिस्तान की धरती एक बार फिर बम धमाके से दहली हुई है। बीते 24 घंटे के भीतर हुई दो बड़ी घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। शुक्रवार को उत्तरी कुंदुज प्रांत के इमाम साहिब जिले में मावलवी सिकंदर मस्जिद में एक बड़ा बम धमाका हुआ। इस खतरनाक बम धमाके में 30 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है, जबकि अन्य लोग बुरी तरह से घायल है।
टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कुंदुज के इमाम साहिब जिले के पुलिस प्रमुख हाफिज उमर ने कहा कि आज दोपहर जिले के मावलवी सिकंदर मस्जिद में एक विस्फोट हुआ। टोलो न्यूज ने बताया कि सुरक्षा सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि इस घटना में 30 से अधिक लोग मारे गए और घायल हुए हैं।

