बालेनः चुनाव का चर्चित चेहरा: कंचना झा

कंचना झा/हिमालिनी मासिक, मई (२०२२) अंक से
बालेन शाह आजकल चर्चा में है । काठमांडू महानगरपालिका के लिए मेयर पद की उम्मीदवारी देने वाले बालेन शाह को चुनावी अंकगणित कहाँ पहुँचाती है ये देखना अभी बाकी है लेकिन व्यवहारिक अंकगणित में वो विजयी हो गये । देश की राजधानी काठमांडू महानगरपालिका जिसपर पूरे देश की नजर रहती है वहाँ बालन शाह की चर्चा हो रही है ।
कहते हैं अपनी आलोचना से कभी घबड़ाना नहीं चाहिए, यह देखना चाहिए कि कौन तुम्हारी आलोचना कर रहा है ? किस जगह पर तुम्हारी आलोचना हो रही है ? एमाले देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, और सत्ता का सबसे बड़ा खिलाड़ी के पी ओली का खास आदमी जिसने काठमांडू महानगरपालिका के मेयर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी दी है वह बालेन शाह की आलोचना कर रहा है । और यही है बालन शाह की सबसे बड़ी जीत ।
नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी एमाले की ओर से मेयर पद के उम्मीदवार केशव स्थापित पिछले दिनों एक चुनावी सभा में बालेन के प्रति कटाक्ष करते हुए कहा कि – एक लड़का है, अंतराष्ट्रीय ठग है, मधेश का है और स्वयं को काठमांडू का बताता है ।
गौर करने की बात यह है कि एक व्यक्ति जिसपर कई महिलाओं ने यौन दुव्र्यवहार का आरोप लगाया है और जो आम जनता के नजर से गिर चुका है वह स्वयं को बचाने के लिए अब जातिवाद और क्षेत्रवाद का सहारा ले रहा है ।
एक युवा जो देश और समाज के लिए कुछ करना चाहता है उसे क्षेत्रवाद के नाम पर नीचा दिखाया जा रहा है । नेकपा एमाले की ओर से मेयर के उम्मीदवार बने स्थापित अपने हरेक चुनावी सभा में बालेन की आलोचना करने में अपना ज्यादा समय व्यतीत कर रहे हंै ।
सोचने वाली बात यह है कि केशव को बालेन के बारे में इतना कुछ कहने का साहस कहाँ से आता है ? वैसे भी देखा जाय तो नेकपा एमाले के अध्यक्ष के पी ओली बार–बार तराई मधेश को नीचा दिखा कर अपने आपको राष्ट्रवादी कहते आए हैं ।
पिछले सप्ताह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में एक लड़की ने मेयर के उम्मीदवार स्थापित से प्रश्न किया कि – आप पर यौन दुव्र्यवहार का आरोप लगा है, आप जैसे व्यक्ति को अगर जिताया जाए तो महानगर कितना सुरक्षित रहेगा ? क्या आप हम जैसी लड़कियों की सुरक्षा की गारन्टी दे सकते हैं ? प्रश्न बिल्कुल सही था मगर स्थापित आग बबूला हो गये और लड़की को फटकारते हुए कहा – यू आर नाइस लेडी बट तिम्रो थुतुनो राम्रो भएन अर्थात् तुम एक अच्छी महिला हो लेकिन तुम्हारा मुँह ठीक नहीं । इतना ही नहीं स्थापित अपना आपा खोते हुए कहा – मैं भी यह बहन वेश्यावृति करती है कह कर छपवा दूँ क्या ? बिल्कुल गैर जिम्मेवार जबाब ।
इसी पार्टी की सुनिता डंगोल ने भी अपनी हदें पार कर दी । उन्होंने कहा कि अपनी जीत की पार्टी में रैपर बालेन को नाचने का अवसर देंगी । डंगोल पर भी झूठा विवरण देकर काठमांडू महानगरपालिका में नौकरी कर धोखाधड़ी किये जाने का भी आरोप लगा है । काठमांडू महानगरपालिका से एक अन्य महत्वपूर्ण उम्मीदवार सिर्जना सिंह है । सिंह नेपाली कांग्रेस के नेता गणेशमानसिंह और मंगला देवी की बहु हैं । विरासत में मिली मेयर के टिकट को वह कितना सदुपयोग कर सकेगी यह तो वक्त ही बतायेगा, लेकिन राजनीतिक गलियारे और मतदाताओं के बीच अभी अगर किसी की चर्चा है तो वह है बालेन साह ।
बालेन पेशे से स्ट्रक्चरल इंजिनियर हैं । इसके अलावे रैपर, भिडियो डाइरेक्टर, स्क्रीपट राइटर भी हैं । रैपर होने के कारण वह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं । सामाजिक कार्यो में लगे ३१ वर्षीय बालेन ने इस बार मेयर की उम्मीदवारी दी है । बालेन साह का असली नाम बालेन्द्र साह है । डॉ राम नारायण साह और धु्रव देवी साह के संतान के रूप में उनका जन्म काठमांडू के गैरीगाँउ में हुआ था । उन्होंने अपनी स्कुली शिक्षा काठमांडू और इंजिनियरिंग की पढ़ाई भारत से की है । नेपाल की राजनीति में साह परिवार का योगदान बहुत पहले से रहा है ।
अब की जनता बदलाव चाहती है । वो चाहती है कि देश अब युवाओं के हाथ में जाए । कहते हैं युवा ही वह शक्ति है जो इतिहास को बदल सकता है लेकिन हमारे देश की बात ही अलग है, यहाँ कब्र में जिनके पैर लटके हैं, जो ढ़ंग से बोल, चल नहीं सकते वही देश को चलाने की बात करते हैं । विकास की हम क्या बात करें । हम जानते हैं कि इन सबसे देश का विकास नहीं होने वाला लेकिन फिर भी उन्हीं के पीछे चलते हैं । देश को नई सोच, नये लोग की जरूरत है । यही कारण है कि इस बार की स्थानीय तह के चुनाव में बहुत से युवाओं ने अपनी उम्मीदवारी दी है । उम्मीद करें कि इस बार युवा के हाथ में ही जिम्मेदारी जाएं । –हिमालिनी मासिक, मई (२०२२) अंक से


