नहीं रहे हिन्दी भाषा के विद्वान प्राडा सूर्यनाथ गोप
१९ नवम्बर २०२२
हिन्दी केन्द्रीय विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्राडा सूर्यनाथ गोप का दिल्ली में उपचार के क्रम में निधन हो गया है । पिछले कई वर्षों से डा गोप बोन कैंसर से पीडित थे । डा गोप त्रिभुवन विश्वविद्यालय हिन्दी केन्द्रीय विभाग में कार्यरत रहे और वहीं से आपने अवकाश प्राप्त किया । डा गोप के ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), रेडियो मॉरीशस, बी.बी.सी. लंदन एवं रेडियो राधिका (सूरीनाम) से अनेक कार्यक्रम प्रसारित होते रहे ।
नेपाल में हिन्दी और हिन्दी साहित्य के सम्बन्ध में डा गोप की शोध पुस्तक नेपाल में हिन्दी और हिन्दी साहित्य प्रकाशित है । आपने अनेकानेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया।
कृतिकार, विश्व हिंदी पुरस्कार, शंकर सूर्य पुरस्कार, साहित्य कला संस्कृति परिषद् द्वारा पुरस्कृत, अंतरराष्ट्रीय तुलसी पुरस्कार, मियामी विश्वविद्यालय पुरस्कार आदि सम्मान से आप सम्मानित थे ।
नेपाल के हिन्दी साहित्य जगत के लिए आपका जाना निश्चय ही अपूरणीय क्षति है ।


